नई दिल्ली, 06 फरवरी । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को कहा कि तेजी से आर्थिक प्रगति हासिल करने के लिए डिजिटल कनेक्टिविटी को आगे बढ़ाने में दूरसंचार क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में भारतीय नौसेना सामग्री प्रबंधन सेवा के अधिकारी, केंद्रीय इंजीनियरिंग सेवा (सड़क) के सहायक कार्यकारी अभियंता और भारतीय डाक और दूरसंचार लेखा और वित्त सेवा के अधिकारी प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए यह बात कही।
राष्ट्रपति ने कहा कि डिजिटल इंडिया पहल सरकार को अधिक दक्षता और पारदर्शिता के साथ विभिन्न सार्वजनिक सेवाएं प्रदान करने में मदद कर रही है। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में अभी भी असंबद्ध जनता को जोड़ने के लिए प्रयास जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।
राष्ट्रपति ने कहा कि भारतीय नौसेना हमारे समुद्री हितों, व्यापार मार्गों की सफलतापूर्वक रक्षा कर रही है और संकट के समय सहायता प्रदान कर रही है।
आगे उन्होंने कहा कि किसी राष्ट्र के आर्थिक विकास और वृद्धि के लिए सड़क संपर्क और बुनियादी ढांचा महत्वपूर्ण है। हाल के वर्षों में सरकार ने नए राजमार्गों के निर्माण और मौजूदा राजमार्गों के उन्नयन के लिए कई पहल की हैं। इससे माल का तेजी से परिवहन सुनिश्चित होगा और लोगों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी। साथ ही रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
राष्ट्रपति ने कहा कि सेंट्रल इंजीनियरिंग सर्विसेज के अधिकारियों की यह जिम्मेदारी है कि वे सुनिश्चित करें कि उनके द्वारा शुरू की जाने वाली बुनियादी ढांचा परियोजनाएं ऊर्जा कुशल, पर्यावरण के अनुकूल और टिकाऊ हों।
इसके साथ-साथ राष्ट्रपति ने उनसे सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए सर्वोत्तम इंजीनियरिंग और तकनीकी समाधानों को नया करने व लागू करने का आग्रह किया।
