कवर्धा/रायपुर, । कवर्धा जिले में एक बार फिर से झंडा हटाने को लेकर पुलिस पर पथराव किया गया है। यहां गोंडवाना समाज के सतरंगी झंडे के कथित तौर पर 14 फरवरी को हुए अपमान और शिकायत के बावजूद एक धर्मगुरु पर कोई कार्रवाई न किये जाने को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के लोगों ने लाठी-डंडे से शुक्रवार देर शाम पुलिस पर हमला कर दिया।
हमले में एसपी डॉ. लाल उमेंद सिंह, एएसपी समेत 16 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। एडिशनल एसपी मनीषा रावटे का हाथ फैक्चर हो गया है। कई थाना प्रभारियों के सिर फूटे हैं। पूरे हरमो गांव में पुलिस की तैनाती है। पथराव से इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
भोरमदेव थाना क्षेत्र के हरमो गांव में कुछ समय पहले गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के लोगों ने गांव के पूजा स्थल में पार्टी का झंडा लगा दिया था। गांव के लोगों ने फैसला किया था कि यह पार्टी का झंडा है। यहां पर सिर्फ पूजा पाठ वाला झंडा ही होना चाहिए। इसके बाद 14 फरवरी को पूजा स्थल से पार्टी का झंडा हटा दिया गया था। तब भी पार्टी के लोगों ने गांव वालों का विरोध किया था। इसके बाद समाज के धर्म गुरु दुर्गे भगत के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की थी। पुलिस से भी शिकायत की गई थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार 14 फरवरी को ग्राम हरमो में झंडा निकाले जाने के मामले ने कवर्धा में शुक्रवार को तूल पकड़ लिया ।हजारों की संख्या में गोंडवाना समाज के लोग राजानवागांव में बैठक की। बड़ी संख्या में गोंडवाना समाज के लोग जिला अध्यक्ष जेलिंगो की अगुवाई में देर शाम थाने पहुंचे और दुर्गे भगत की गिरफ्तारी करने की मांग करने लगे। भोरमदेव थाने के आसपास गुस्साई भीड़ ने लाठी-पत्थर से पुलिस पर ही हमला कर दिया। भीड़ के इस हमले से कवर्धा के एसपी लाल उमेद सिंह खुद भी घायल हो गए जबकि कई और पुलिसकर्मियों को चोट पहुंची हैं। हमले के बाद पुलिस ने इन्हें रोकने आंसू गैस छोड़े। बल प्रयोग किया गया। जिसके बाद लोग शांत हुए हैं। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को मौके पर तैनात किया गया है। लोगों को शांत कराने प्रयास जारी है।
