Quote :

किसी भी व्यक्ति की वास्तविक स्थिति का ज्ञान उसके आचरण से होता हैं।

Editor's Choice

पत्रकारिता का राष्ट्रधर्म

Date : 09-Mar-2024

राष्ट्रवाद इन दिनों विमर्श के केन्द्र पर है। भारत के संदर्भ में और वैश्विक संदर्भ में भी। राजनीतिक और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के पक्ष व विपक्ष पर खूब चर्चाएं हुईं, हो रही हैं, तो भला पत्रकारिता इससे क्यों अछूती रहे। उसमें भी राष्ट्रवाद के तत्व तलाशे जा रहे हैं।


मैं 'राष्ट्रवाद' शब्द का पक्षधर नहीं हूँ। क्योंकि जहाँ वाद है वहाँ विवाद स्वमेव चला आता है। राष्ट्र न वाद का विषय है और न विवाद का। वह इससे परे,  इससे उपर है। राष्ट्र एक विचार से भी आगे धर्म है..राष्ट्रधर्म।  यह धर्म सभी पंथों से ऊपर है। पंथ की पहचान आराधना पद्धति, आचरण संव्यवहार से होती है। राष्ट्र किसी भी नागरिकों का आत्मतत्व है जो परिवार- समाज के पथ से आगे बढ़ता हुआ एक विशिष्ट सांस्कृतिक परिचय के साथ प्रकट होता है। यह मेरा अपना विवेचन है।
लेकिन जिस राष्ट्रवाद पर चर्चा होती है उसका अर्थ अलग है। वामपंथी या मार्क्सवादी इसे दक्षिणपंथी अवधारणा मानते हैं। राष्ट्रवाद के विचार के साथ धर्मतत्व को जोड़कर इसे उदात्तता से कट्टरता की ओर धकेल देते हैं। सो इसलिए पहले यह जान लेना जरूरी है कि राष्ट्र क्या है, राष्ट्रवाद क्या है इसके आधारभूत तत्वों को हम जान समझ लें। हमारे देश भारतवर्ष में राष्ट्र की अवधारणा पश्चिम के देशों से अलग है। यूरोपीय देशों का राष्ट्रवाद दो विश्वयुद्धों की कोख से जन्मा है जबकि हमारा राष्ट्रवाद पुरातन और सनातन है।
देखिये कितने शानदार प्रतीक हैं..धर्मराज युधिष्ठिर के नेत्तृत्व में धृत राष्ट्र की सेना के खिलाफ युद्ध है। धृतराष्ट्र यानी कि दिशा और दृष्टहीन राष्ट्र के खिलाफ..। संदेश साफ है कि देश के भीतर भी यदि कोई राष्ट्र के खिलाफ काम करता है तो उसको दंड देना अपरिहार्य है। इसलिए मेरा मानना है कि राष्ट्र सीमाओं से परे एक भाव है।
यूरोप का नेशन जियोपलटिकल है, एक तरह से भूगोलजन्य राजनीतिक। उसी तरह कौम एक रिलियस इनटाइटी है। अक्सर एक शब्द सुनने को मिलता है कि हम अपनी कौम के लोगों से तकरीर करता हूँ, अपील करता हूँ। कौम शब्द का आशय सहधर्मी नागरिकों के नेशन से निकलता है। सत्तर साल से  कौमी एकता का ढिंढोरा पीटा जाता रहा है...हर धर्मावलंबियों को अलग-अलग कौमें बताते हुए..एक राष्ट्र में इतनी सारी कौमें.. यानी कि राष्ट्र के भीतर भी कई राष्ट्र। बौद्धिकों ने ऐसे ही विमर्श दिए राष्ट्र को खंड-खंड राष्ट्रों में बाँटते हुए।
राष्ट्र बिल्कुल अलग है। जयशंकर प्रसाद का प्रसिद्ध आह्वान गीत है- हम करें राष्ट्र आराधन..। प्रसाद ने यह भाव चाणक्य कालीन भारत से लिए है। सम्राट चंद्रगुप्त के मगध-पाटिलपुत्र के समकालीन और भी राज्य थे जिन्हें जनपद, महाजनपद कहा गया। चाणक्य ने इन जनपदों-महाजनपदों के समूह को जोड़कर विशाल भारत गणराज्य की अवधारणा दी। जो तत्व मिलकर गणराज्य बनाते हैं वस्तुतः वही राष्ट्रभाव है। प्रसाद उसी भाव की आधारशिला पर खड़े राष्ट्र के आराधन की बात करते हैं।
सो जो आपका राष्ट्रवाद है वह वस्तुतः हमारा राष्ट्रधर्म है। अब हम राष्ट्रवादी पत्रकारिता या पत्रकारिता में राष्ट्रवाद पर विचार करते हैं। वैदिक और पुराणकाल के जनसंचार माध्यमों की बात को अलग धरते हुए हम भारत में आधुनिक पत्रकारिता के उद्भव व विकास की बात करते हैं। पहला अखबार कलकत्ता(कोलकाता) से एक अँग्रेज जेम्स आगस्टस हिकी ने निकाला..बंगाल गजट..के नाम से। यह अखबार अँग्रेज अफसरानों की खबर लेता था। यह सनसनीखेज खुलासे करता था कि ईस्ट इंडिया कंपनी के अधिकारी किसकिस किसिम के धतकरम करके ग्रेटब्रिटेन और क्राउन की नाक कटवा रहे हैं। इस दृष्टि से देखें तो हिकी की अपने राष्ट्र इंग्लैंड के प्रति प्रतिबद्धता स्पष्ट दिखती है। हिक्की के दुश्मन भारतीय नहीं बल्कि वही अँग्रेज थे जिनकी वो खबर लेता था।
हिक्की का अखबार भारतीय पत्रकारिता के लिए प्रेरक साबित हुआ। इसे सामाजिक पुनर्जागरण का अभियान चलाने वालों ने एक औजार की तरह प्रयोग किया। कोलकाता से भारतीयों ने बंगाली, अँग्रेजी और हिन्दी में अखबार निकाले। राजाराम मोहनराय जैसे सामाजिक आंदोलन चलाने वाले महापुरुषों से लेकर बिपिन चंद्र पाल जैसे स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने राष्ट्रधर्म के प्रति अपने कर्त्तव्य निर्वाह के लिए अखबार निकाले। महाराष्ट्र में बालगंगाधर तिलक, पंजाब में लाला लाजपत राय, उत्तरभारत में गणेश शंकर विद्यार्थी, विष्णुराव पड़ारकर, मदनमोहन मालवीय, दक्षिण में सुब्रमण्यम भारती, राजगोपालाचारी आदि ने पत्रकारिता में राष्ट्रवादी तत्व भरे। इसकाल की पत्रकारिता को विशुद्ध राष्ट्रवादी पत्रकारिता कह सकते हैं। इसके समानांतर अँग्रेजों ने पायनियर, स्टेटसमैन, टाइम्स आफ इंडिया जैसे अखबार निकाले जो ब्रितानी हुकूमत को भारत के लिए ईश्वरीय आदेश बताते थे। अँग्रेजों के इन अखबारों को भी उनकी राष्ट्रवादी पत्रकारिता का प्रतिफल कह सकते हैं। यानी कि आजादी के पहले पत्रकारिता में दरअसल दो राष्ट्रवादी ताकतों के बीच संघर्ष था। भाषाई अखबार भारतीय राष्ट्रवाद का ध्वज थामे थे तो अँग्रेजी अखबारों के मास्टहेड में यूनियन जैक था।
आजादी के बाद पत्रकारिता का रूप बदला वह मिशन से प्रोफेशन में ढ़लने लगी। मेल माल हो गया और पाठक उपभोक्ता। यही रूप विश्व की पत्रकारिता का रहा है जिसका उद्देश्य धन कमाना और सत्ता पर दवाब बनाना रहा है। पर इन सब के बावजूद जब जब बात अपने राष्ट्र के हितों की उठती है तो पत्रकारिता का मिजाज बदल जाता है। विश्व मिडिया पर सबसे ज्यादा प्रभाव अमेरिका और इंग्लैंड के जनसंचार माध्यमों का रहा है। हाल ही में यूक्रेन और रूस के संघर्ष में पश्चिम का मिडिया रूस को विलेन बनाने पर तुला दिखता है। इस कार्रवाई के पीछे रूस की क्या विवशता है, सही ढंग से कहीं पढ़ने को नहीं मिली। सोवियत संघ के बिखराव के पीछे अमेरिका और यूरोप के मीडिया के प्रपोगंड़ा का हाथ था। कम्युनिस्ट सोवियत मीडिया के मोर्चे पर मात खा गया और सँभल नहीं पाया टुकड़े-टुकड़े हो गए। पिछले कुछ वर्षों से पुतिन के रूस के नेतृत्व में सोवियत के रियूनियन की कोशिशें चल रही हैं। संघ से अलग हुए प्रायः देश पुनः रूस की छतरी के नीचे आने का मानस बना रहे थे तो यूरोप और अमेरिका को यह बर्दाश्त नहीं हुआ। उक्रेन के कंधों पर धरकर रूस पर मीसाईल दागने की व्यूहरचना हुई लेकिन मामला अब उल्टा पड़ गया। 
इसे राष्ट्रवादी पत्रकारिता का ही प्रभाव समझिए कि आम भारतीय रूस के खिलाफ नहीं है और न ही वह पुतिन को विलेन समझता। शुरुआत में यूरोपीय मीडिया की रौ पर बहे कुछ मीडिया घराने और उनके पत्रकार अब विश्लेषण करके बता रहे ह़ै कि..रूस ने कब-कब किस गाढ़े वक्त पर भारत का साथ दिया। रूस अमेरिका के मुकाबले हमारे लिए कितना विश्वसनीय है। यह भी चौकाने वाली बात हुई कि भारत का चिरप्रतिद्वंद्वी चीन भी रूस के साथ खड़ा है फिर भी भारतीय जनमानस रूस के साथ है। यूक्रेन और भारत के कैसे रिश्ते रहे, कश्मीर और धारा 370 के मामले में वह किस हद तक भारत के खिलाफ गया यह बातें साक्ष्य के साथ हर जिग्यासु भारतीय जानने लगा है। 
यह बात अलग है कि भारत में राष्ट्रवादी पत्रकारिता को आरएसएस के सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और अखंड भारत की अभिलाषा के साथ जोड़ा जाने लगा है। ऐसी थ्योरी रचने वालों का एजेंडा राजनीतिक है। ऐसे एजेंडाबाजों में ज्यादातर वो बौद्धिक शामिल हैं जो 1967 के बाद सत्ता के अकादमिक प्रतिष्ठानों में बैठकर 2014 के पहले तक मलाई छानते रहे, सम्मान, अलंकरण और पारितोषिक प्राप्त करते रहे। राष्ट्रवाद की इनकी परिभाषा संकुचित और छिद्रान्वेषी है। 
 
लेखक - जयराम शुक्ल
 
RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement