Quote :

किसी भी व्यक्ति की वास्तविक स्थिति का ज्ञान उसके आचरण से होता हैं।

Editor's Choice

मॉस्को का 'सबसे घातक आतंकवादी हमले'

Date : 23-Mar-2024

·        मॉस्को के क्रॉकस सिटी हॉल में बंदूकधारियों ने हमला किया-रूसी ख़ुफ़िया विभाग.

·     हमले में 60 से अधिक लोगों की मौत, 100 से अधिक घायल हुए.

·     इमारत में आग लग गई और थिएटर के पास की छत का एक हिस्सा गिर गया

--भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस में हुए कल रात हुई आतंकी हमले की कड़े शब्‍दों में निंदा की है| पीएम मोदी ने कहा है कि इस दुख की घड़ी में भारत, रूस के साथ खड़ा है|

आपको बता दे कि शुक्रवार रात मॉस्को के बाहरी क्षेत्र में एक लोकप्रिय संगीत समारोह स्थल पर कई बंदूकधारियों ने गोलीबारी की, जिसमें लगभग 60 लोग मारे गए और 100 से अधिक घायल हो गए ।

यहां पिकनिक नाम के एक रूसी रॉक ग्रुप के कार्यक्रम का आयोजन होना था| कॉन्सर्ट शुरू होने से ठीक पहले कैमोफ्लॉज कपड़े पहने चार बंदूकधारियों ने यहां आए लोगों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं|

हमले के दौरान हॉल में छह हज़ार से अधिक लोग मौजूद थे| एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि रॉक ग्रुप स्टेज पर आने ही वाला था कि उससे पहले ये हमला हो गया|

इस दौरान इमारत में आग लग गई और इसकी छत का एक हिस्सा भी गिर गया|

रूसी नेशनल गार्ड्स ने कहा है कि उनके स्पेशल दस्ते क्रॉकस सिटी हॉल पहुंच चुके हैं और हमलावरों को पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं| वहीं रूस के आला अधिकारी भी यहां पहुंच रहे हैं|

इस्लामिक स्टेट ने एक संबद्ध समाचार एजेंसी के माध्यम से जिम्मेदारी का दावा किया। एक वरिष्ठ आतंकवाद निरोधक अधिकारी सहित अमेरिकी सुरक्षा अधिकारियों ने कहा कि उनका मानना ​​है कि यह हमला खुरासान में इस्लामिक स्टेट द्वारा किया गया था , जो आतंकवादी समूह की एक शाखा है जो पाकिस्तान, अफगानिस्तान और ईरान में सक्रिय है।

रूस में पहले भी कई आतंकी हमले हुए हैं। आइए डालते हैं एक नजर-

1999 का अपार्टमेंट ब्लास्ट

दक्षिणपूर्वी मॉस्को में 13 सितंबर, 1999 को तड़के एक आठ मंजिला अपार्टमेंट में बम विस्फोट हो गया था, जिसमें 118 लोगों की मौत हो गई थी। यह हमला अपार्टमेंट पर हुए पांच हमलों में से एक था, जिसमें मॉस्को और दक्षिणी रूस में दो सप्ताह की अवधि में कुल 293 लोग मारे गए थे और 1000 से अधिक लोग घायल हुए थे। वहीं, रूस ने इस हमले के लिए चेचन्या के अलगाववादी आतंकवादियों को दोषी ठहराया। हालांकि, चेचन्या के उस समय  के राष्ट्रपति ने इससे इनकार किया था।

2002 का थिएटर बंधक

23 अक्टूबर 2002 को एक संगीत कार्यक्रम के दौरान चेचन्या विद्रोहियों के एक समूह ने मॉस्को के डबरोव्का थिएटर पर धावा बोल दिया। विद्रोहियों ने 800 से अधिक लोगों को बंधक बना लिया। चेचन्या विद्रोहियों और सुरक्षाबलों के बीच यह गतिरोध दो दिन और तीन रात तक चला। इस दौरान सुरक्षाबलों ने हमलावरों पर काबू पाने के लिए थिएटर में गैस छोड़ दिया और हमलावरों पर धावा बोल दिया। सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई में कुल 130 बंधकों की मौत हो गई थी। अधिकतर बंधकों की मौत दम घुटने के कारण हुई थी।

2003: रॉक कॉन्सर्ट पर हमला

5 जुलाई 2003 को दो महिला आत्मघाती हमलावरों ने मॉस्को के पास तुशिनो हवाई क्षेत्र में एक रॉक कॉन्सर्ट के दौरान खुद को उड़ा लिया। इस आत्मघाती हमले में 15 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 50 लोग घायल हुए थे। रूस ने महिला आत्मघाती हमलावरों की पहचान चेचन्या अलगाववादियों के रूप में की थी। जब यह हमला हुआ उस दौरान वार्षिक क्रिल्या (विंग्स) उत्सव में रूस के कुछ शीर्ष बैंडों को सुनने के लिए करीब 20,000 प्रशंसक आए थे।

2004: मेट्रो बम विस्फोट

6 फरवरी, 2004 को चेचन्या के एक समूह ने सुबह के व्यस्त समय के दौरान खचाखच भरे मॉस्को मेट्रो में बम विस्फोट किया, जिसमें 41 लोग मारे गए।

2010 का मेट्रो आत्मघाती हमला

29 मार्च 2010 को दो महिला आत्मघाती हमलावरों ने मॉस्को मेट्रो में खुद को उड़ा लिया। इस आत्मघाती हमले में 40 लोगों की मौत हो गई थी। हमलावरों ने एफएसबी खुफिया सेवाओं के मुख्यालय के बगल में लुब्यंका स्टेशन को निशाना बनाया था। रूस ने दोनों हमलावरों की पहचान दागिस्तान के अस्थिर उत्तरी काकेशस क्षेत्र से थे। 

2011: हवाईअड्डे पर हमला

24 जनवरी, 2011 को मॉस्को डोमोडेडोवो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे में एक आत्मघाती हमलावर ने हमला किया, जिसमें 37 लोग मारे गए। इस हमले की जिम्मेदारी काकेशस अमीरात समूह ने ली थी।

 

 

 
RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement