मौसम कोई भी हो, बहुत से लोग अपनी दिनचर्या में चाय को शामिल करते हैं। कुछ लोग सुबह की शुरुआत चाय से करते हैं, तो कुछ थकान मिटाने के लिए इसका सेवन करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि देर तक रखी हुई चाय पीना आपकी सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है?
दूध वाली चाय को ज़्यादा देर तक नहीं रखना चाहिए। एक बार चाय बनाने के बाद, उसे ठंडा होने से पहले ही पी लेना सबसे अच्छा होता है, आदर्श रूप से आधे घंटे के भीतर। दूध वाली चाय, हर्बल चाय की तुलना में जल्दी खराब होती है। हर्बल चाय को कुछ घंटों के लिए फ्रिज में स्टोर करके रखा जा सकता है।
अगर आप देर तक रखी हुई चाय पीते हैं, तो यह आपके पाचन तंत्र (डाइजेस्टिव सिस्टम) पर बुरा असर डाल सकती है। इस छोटी सी गलती से एसिडिटी, कब्ज और फूड पॉइजनिंग जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा, चाय को ज़्यादा देर तक रखने से उसमें मौजूद पोषक तत्व भी कम होते जाते हैं।
क्या आप कभी-कभी रखी हुई चाय को दोबारा गर्म करके पीते हैं? यदि हाँ, तो आपको अपनी इस आदत को तुरंत बदलना चाहिए। चाय को दोबारा गर्म करके पीने से आपकी आंत का स्वास्थ्य (गट हेल्थ) बुरी तरह प्रभावित हो सकता है। तबीयत बिगड़ने से बचने के लिए चाय को दोबारा गर्म करके पीने से बचें।
(डिस्क्लेमर: इस लेख में दिए गए सुझाव केवल सामान्य जानकारी के लिए हैं। स्वास्थ्य से जुड़े किसी भी फिटनेस प्रोग्राम को शुरू करने, अपनी डाइट में बदलाव करने या किसी बीमारी के लिए कोई उपाय करने से पहले हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।)