अगर आप सुबह के खाने में कुछ पौष्टिक और चटपटा ट्राय करना चाहते हैं, तो काले चने से तैयार किया गया यह चीला एक बेहतरीन विकल्प है। आमतौर पर काले चने की सब्ज़ी, चाट या सलाद तो खूब खाया जाता है, लेकिन इससे बना चीला भी स्वाद और सेहत—दोनों में कमाल होता है। इसे बनाना आसान है और इसका स्वाद सभी को पसंद आता है।
ज़रूरी सामग्री
· काला चना – 2 कप
· प्याज – 1 (बारीक कटा हुआ)
· हरी मिर्च – 1 (बारीक कटी हुई)
· अदरक – 1 छोटा चम्मच (कद्दूकस किया हुआ)
· टमाटर – 1 (बारीक कटा हुआ)
· हरा धनिया – थोड़ा सा (कटा हुआ)
· हल्दी – आधा छोटा चम्मच
· लाल मिर्च पाउडर – आधा छोटा चम्मच
· अजवाइन – आधा छोटा चम्मच
· धनिया पाउडर – 1 छोटा चम्मच
· चाट मसाला – आधा छोटा चम्मच
· नमक – स्वादानुसार
· पानी – आवश्यकता अनुसार
· तेल – सेंकने के लिए
बनाने की विधि
सबसे पहले काले चनों को साफ करके 6–7 घंटे या पूरी रात पानी में भिगो दें। फिर इन्हें मिक्सर में डालकर थोड़ा पानी मिलाते हुए स्मूद पेस्ट बना लें।
अब इस पेस्ट में कटे हुए प्याज, टमाटर, हरी मिर्च और कद्दूकस किया अदरक डालें। इसके बाद सभी मसाले और नमक मिलाकर अच्छे से मिक्स करें। अंत में हरा धनिया डालें और जरूरत के अनुसार पानी मिलाकर ऐसा घोल तैयार करें जो न ज्यादा पतला हो और न बहुत गाढ़ा।
तवा गरम करें और हल्का सा तेल लगाएं। अब एक करछी की मदद से घोल तवे पर डालें और गोल आकार में फैला दें। किनारों पर थोड़ा तेल डालें। जब नीचे से सुनहरा हो जाए तो पलटकर दूसरी तरफ भी अच्छी तरह सेंक लें।
इसी तरह बाकी घोल से भी चीले तैयार करें। तैयार गरमागरम चना चीले को हरी चटनी, टमाटर की सॉस या दही के रायते के साथ परोसें और दिन की शुरुआत मज़ेदार बनाएं
