ठंड के मौसम में गर्मागर्म सूप से बेहतर कुछ नहीं लगता। अगर आप टमाटर, गाजर या ब्रोकली का सूप बना चुके हैं, तो इस बार फूलगोभी से तैयार होने वाला रिच और स्मूद सूप जरूर आज़माएं। इसका क्रीमी स्वाद और हल्की खुशबू इसे डिनर से पहले परफेक्ट स्टार्टर बनाती है। चाहें तो इसे हल्के रात के खाने के रूप में भी परोसा जा सकता है। घर पर ही रेस्टोरेंट जैसा फ्लेवर पाने के लिए यह बढ़िया विकल्प है।
जरूरी सामग्री
· फूलगोभी – 1 मध्यम आकार (छोटे टुकड़ों में कटी)
· दूध या ताज़ी क्रीम – ½ कप
· बटर – 1 बड़ा चम्मच
· नमक – स्वाद के अनुसार
· काली मिर्च पाउडर – ½ छोटा चम्मच
· हरा धनिया या क्रीम – सजावट के लिए
· प्याज – 1 बड़ा (बारीक कटा)
· लहसुन – 3–4 कलियां (कटी या कुचली हुई)
· वेजिटेबल स्टॉक या साधारण पानी – 2 कप
बनाने की विधि
सबसे पहले एक गहरे पैन में बटर गर्म करें। इसमें बारीक कटा प्याज और लहसुन डालकर हल्का सुनहरा और खुशबूदार होने तक भून लें।
अब कटे हुए फूलगोभी के टुकड़े डालें और कुछ मिनट चलाते हुए पकाएं, ताकि उसका कच्चापन खत्म हो जाए। इसके बाद इसमें वेजिटेबल स्टॉक या पानी डालकर ढक दें और लगभग 10–15 मिनट तक पकने दें, जब तक फूलगोभी अच्छी तरह नरम न हो जाए।
जब मिश्रण थोड़ा ठंडा हो जाए, तो इसे मिक्सर में डालकर चिकना पेस्ट तैयार कर लें। अब इस प्यूरी को दोबारा पैन में डालें और उसमें दूध या क्रीम मिलाएं। नमक और काली मिर्च डालकर 2–3 मिनट धीमी आंच पर उबाल आने दें।
तैयार सूप को सर्विंग बाउल में निकालें और ऊपर से थोड़ी क्रीम या हरा धनिया डालकर सजाएं। सर्द मौसम में यह गरम और स्वादिष्ट सूप आपको सुकून देगा, और यकीन मानिए, आप इसे बार-बार बनाना पसंद करेंगे।
