संघ प्रमुख भागवत 14 नवंबर को करेंगे दिलीप सिंह जूदेव की प्रतिमा का अनावरण | The Voice TV

Quote :

आचार्य चाणक्य: "समय और शिक्षा का सही उपयोग ही व्यक्ति को सफल बना देता है।"

National

संघ प्रमुख भागवत 14 नवंबर को करेंगे दिलीप सिंह जूदेव की प्रतिमा का अनावरण

Date : 09-Nov-2022

रायपुर, 09 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत छत्तीसगढ़ के जशपुर में 14 नवंबर को दिवंगत दिलीप सिंह जूदेव की आदमकद प्रतिमा का अनावरण करेंगे। डॉ. भागवत के आगमन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं। अनावरण कार्यक्रम में एक लाख लोगों के एकत्रित होने का अनुमान है। दिवंगत जूदेव भाजपा के कद्दावर नेता रहे हैं और जशपुर इलाके में घर वापसी कार्यक्रम के जनक माने जाते हैं।

गुजरात के नर्मदा जिले के केवड़िया में स्थित 182 मीटर ऊंची स्टैच्यू आफ यूनिटी बनाने वाले प्रसिद्ध मूर्तिकार राम सुतार ने ही दिलीप सिंह जूदेव की मूर्ति बनाई है। संघ के स्थानीय पदाधिकारियों के अनुसार सरसंघचालक डॉ. भागवत 13 नवम्बर की शाम को जशपुर आ जाएंगे। इस अवसर पर वे जशपुर में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार 13 नवंबर को जशपुर आगमन के अगले दिन 14 नवंबर को दोपहर 12 बजे सरसंघचालक बिरसामुंडा चौक पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। यहां से शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें जनजाति समाज के लोगों के साथ शहरवासी शामिल होंगे।

शोभायात्रा बिरसामुंडा चौक से निकलकर शहर की मुख्य सड़क से होते हुए कार्यक्रम स्थल रणजीता स्टेडियम के पास पहुंचेगी। डॉ. भागवत रणजीता स्टेडियम तिराहे पर बनी दिलीप सिंह जूदेव की आदमकद प्रतिमा का अपराह्न 02 बजे अनावरण करेंगे। इसके बाद डॉ. भागवत वनवासी कल्याण आश्रम की तरफ आयोजित जनजाति गौरव दिवस कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। अपराह्न 2:30 से 4:30 बजे के बीच यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। शाम को कल्याण आश्रम परिसर में लगने वाली संघ की शाखा में डॉ. भागवत शामिल होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/केशव शर्मा


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement