महाराष्ट्र विधानमंडल के सदस्यों ने समुद्र में देखा नौसेना की क्षमताओं का प्रदर्शन | The Voice TV

Quote :

सपनों को हकीकत में बदलने से पहले, सपनों को देखना ज़रूरी है – डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम

National

महाराष्ट्र विधानमंडल के सदस्यों ने समुद्र में देखा नौसेना की क्षमताओं का प्रदर्शन

Date : 12-Nov-2022

 - पश्चिमी नौसेना कमान ने 'डे एट सी' थीम पर परिचालन क्षमताओं का प्रदर्शन किया

- समुद्री क्षेत्र में देश के सामने आने वाले खतरों और चुनौतियों पर प्रकाश डाला गया

नई दिल्ली, 11 नवम्बर (हि.स.)। पश्चिमी नौसेना कमान ने महाराष्ट्र के सांसदों, विधानसभा एवं विधान परिषद के सदस्यों और अधिकारियों के लिए मुंबई तट पर 'डे एट सी' थीम पर आयोजित एक समारोह के दौरान अपनी परिचालन क्षमताओं का प्रदर्शन किया। यह कार्यक्रम तटीय राज्यों के बीच अधिक से अधिक समुद्री जागरुकता पैदा करने के लिए आयोजित किया गया था, समुद्री क्षेत्र में देश के सामने आने वाले खतरों और चुनौतियों पर प्रकाश डाला गया।

इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के कुल 25 विधायकों सहित 125 अतिथि और अधिकारी पश्चिमी बेड़े के अग्रिम पंक्ति के युद्धपोतों आईएनएस चेन्नई, आईएनएस विशाखापत्तनम और आईएनएस तेग पर सवार हुए। इस कार्यक्रम ने मेहमानों को भारतीय नौसेना के जहाजों पर नौसैनिक संचालन एवं जीवन को देखने का एक अच्छा अवसर प्रदान किया। दिन के मुख्य आकर्षण में फास्ट अटैक क्राफ्ट के जरिये नकली हमला, वायु शक्ति प्रदर्शन, चेतक हेलीकॉप्टरों से खोजबीन एवं बचाव, सी किंग हेलीकॉप्टर से सोनार डंक ऑपरेशन, अंडरवे रेपलेनिश्मेन्ट और समुद्र में कर्मियों को स्थानांतरित करने जैसे अभ्यास शामिल थे।

समुद्र में नौसैनिक अभियानों के सभी पहलुओं को दिखाने के लिए एक पनडुब्बी प्रदर्शन भी आयोजित किया गया। विधानसभा अध्यक्ष एडवोकेट राहुल नार्वेकर और मंत्री चंद्रकांत दादा पाटिल जहाजों पर जाने वाले विशिष्ट व्यक्तियों में से थे। कमान के वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी मेहमानों को भारतीय नौसेना के संचालन के बारे में जानकारी दी, जिसमें समुद्री क्षेत्र में देश के सामने आने वाले खतरों और चुनौतियों पर प्रकाश डाला गया। 'डे एट सी' का उद्देश्य विधायकों और सरकारी अधिकारियों को राष्ट्रीय सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण में नौसेना की महत्वपूर्ण भूमिका तथा समुद्री जीवन की चुनौतियों से अवगत कराना था।

हिन्दुस्थान समाचार/सुनीत निगम 

 
 
 
RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload










Advertisement