छत्तीसगढ़ में जनता की तिजोरी लूटकर कांग्रेस का खजाना भरा जा रहा है: स्मृति ईरानी | The Voice TV

Quote :

सपनों को हकीकत में बदलने से पहले, सपनों को देखना ज़रूरी है – डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम

National

छत्तीसगढ़ में जनता की तिजोरी लूटकर कांग्रेस का खजाना भरा जा रहा है: स्मृति ईरानी

Date : 12-Nov-2022

रायपुर /बिलासपुर,(हि.स.)। केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी की महतारी हुंकार रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जनता की तिजोरी लूटकर कांग्रेस का खजाना भरा जा रहा है। छत्तीसगढ़ में महिलाओं के साथ भूपेश राज में छह हजार दुष्कर्म के मामले दर्ज हुए हैं। इन्हें शर्म आना चाहिए।

प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा की महतारी हुंकार रैली में शामिल होने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी बिलासपुर पहुंचीं। रैली में शामिल होने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए स्मृति ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हम घर में घुसकर वार करते हैं। अंग्रेजी में ए फॉर अमेठी और बी फॉर बिलासपुर और अब सी फॉर छत्तीसगढ़ होगा। उनका आशय अमेठी के बाद अब बिलासपुर और छत्तीसगढ़ में जीत का था। उन्होंने कहा कि हाथ में गंगाजल लेकर छलने निकले कांग्रेस नेता बताएं महिलाओं के साथ लगातार अत्याचार, अपराध क्यों हो रहे हैं।

केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि वह अमेठी की बेटी, छत्तीसगढ़ महतारी और उनकी बेटियों को प्रणाम करने आई हैं। मैं मां महामाया की धरती में वीरांगना बिलासा को प्रणाम करती हूं। उन्होंने कहा कि अमेठी में प्रचार करने भूपेश जी भी गए थे। अगर आज भूपेश जी तक मेरी बात जा रही है तो सुन लें कि अमेठी में कांग्रेस के गढ़ में जब हमने कांग्रेस की जमानत जब्त करा दी तो यह समझ लें कि हम दुश्मन के घर में घुसकर हमला करते हैं।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि मैं ये पूछना चाहती हूं कि कांग्रेस के राज में छत्तीसगढ़ की पावन भूमि पर 6 हजार बहनों की इज्जत क्यों लूटी गई? क्यों हजारों महिलाओं का अपहरण हुआ? छत्तीसगढ़ में कांग्रेस राज में बहनों के साथ गैंगरेप होता है, बहनें आत्महत्या करती हैं तब जाकर एफआईआर होती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जनता की चिंता नहीं है। जनता की तिजोरी खाली करना उनका काम है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वो भाजपा के सवालों का जवाब नहीं देंगे। मैं सरकार से पूछना चाहती हूं कि विपदा की घड़ी में एक तरफ मोदी घर-घर अनाज पहुंचा रहे थे, दूसरी तरफ यहां सरकार लोगों के घर में शराब पहुंचा रही थी। सब जानते हैं कि यहां कि सरकार का रिमोट कंट्रोल किसके हाथ में है। सत्ता हो या संगठन ये केवल पैसे लूटने का काम करते हैं। मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की गरीब जनता ने क्या पाप किया, सरकार ने 16 लाख परिवारों की छत छीन ली। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पूरे देश की जनता को मिल रहा है। लेकिन छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने इस योजना को ही बंद कर दिया है।उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि जनता पूछ रही है कि छत्तीसगढ़ में राज किसका है, रिमोट कंट्रोल किसके हाथ में हैं? सोनिया जी के हाथ में है या सौम्या जी के हाथ में है?

संबोधित करने के पहले वहां मंच पर भाजपा की महिला नेत्रियों ने केंद्रीय मंत्री को फूल की माला पहनाई। मंच के अलावा आस-पास जनसभा में बड़ी संख्या में भीड़ मौजूद थी। बताया जा रहा है कि जैसे ही केंद्रीय मंत्री मंच पर पहुंची कार्यकर्ताओं ने जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। मंच पर केंद्रीय मंत्री के अलावा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, सांसद सरोज पांडेय, केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह, रमन सिंह समेत तमाम नेता मौजूद रहे।।

भूपेश सरकार आज से अपना बोरिया बिस्तर बांध ले : साव

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव ने हुंकार रैली को संबोधित करते हुए कहा कि जब से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सुना कि उनके राहुल गांधी को अमेठी जाकर हराने वाली स्मृति ईरानी आ रही हैं, तब से वे डरने लगे हैं। उन्हें डरना भी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कोने-कोने से आई महिला और बहनों का यह महासमुद्र अपने खिलाफ हुए अत्याचार के विरुद्ध भुपेश सरकार के खिलाफ दहाड़ में परिवर्तित हो चुका है। अब भूपेश बघेल सरकार की आज से उल्टी गिनती शुरू हो गई है। भूपेश सरकार आज से अपना बोरिया बिस्तर बांध ले।

जनसभा में मंच को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह ने कहा कि यह हुंकार नही पहाड़ रैली है, दहाड़ रैली शुरू हो गई है, सरकार अपना बोरिया बिस्तर बांध ले। सिंह ने कहा कि जब सरकार बनानी थी तब शराब बंदी की बात कही थी, लेकिन अब घर घर शराब बिक रही है। सभा को राज्यसभा सांसद सरोज पाण्डेय, प्रदेश प्रवक्ता व विधायक रंजना साहू, प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने भी संबोधित किया।

रैली के पहले पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ सरकार पर हमला बोलते हुए कहा है कि प्रदेश की जनता सरकार के खिलाफ है, इसीलिए हुंकार रैली में 50 हजार से अधिक की संख्या में महिलाएं पहुंची हैं। राज्य सरकार के खिलाफ जबरदस्त जन आक्रोश है।

भाजपा महिला मोर्चा की महतारी हुंकार रैली जगमल चौक से गांधी चौक होते हुए नेहरुचौक में आमसभा में परिवर्तित हुई। महिला मोर्चा ने प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का तलवार भेंटकर व पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। गांधी चौक से इस रैली का नेतृत्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने किया। महतारी हुंकार रैली ने बिलासपुर को भाजपामय कर दिया। महतारी हुंकार रैली का जगह जगह पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया। रैली के लिए भाजपा ने व्यापक तैयारी की। रैली में बहुत बड़ी संख्या में आम महिलाओं ने भी भागीदारी की और आज कांग्रेस सरकार को कड़ी चुनौती देकर यह बता दिया कि छत्तीसगढ़ की महिला शक्ति इस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए तैयार है। महतारी हुंकार रैली में सभा का संचालन महिला मोर्चा महामंत्री विभा अवस्थी ने व आभार जयश्री चौकसे ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार /केशव शर्मा

 
RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload










Advertisement