शिवराज का राहुल गांधी पर पलटवार, कहा-मोदी के नेतृत्व में हो रहा गौरवशाली भारत का निर्माण | The Voice TV

Quote :

सपनों को हकीकत में बदलने से पहले, सपनों को देखना ज़रूरी है – डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम

National

शिवराज का राहुल गांधी पर पलटवार, कहा-मोदी के नेतृत्व में हो रहा गौरवशाली भारत का निर्माण

Date : 17-Dec-2022

 कटनी में भाजपा की एक दिवसीय विस्तारित पदाधिकारी बैठक शुरू

कटनी, 17 दिसंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी द्वारा तवांग में भारत-चीन की सेनाओं के बीच हुई झड़प को लेकर दिए गए बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जब राजीव गांधी प्रधानमंत्री थे, तब हमें दुनिया के पिद्दी-पिद्दी से देश डराते थे। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक वैभवशाली, गौरवशाली, शक्तिशाली भारत का निर्माण हो रहा है। राहुल गांधी जी अनर्गल बातें ना करें, अब भारत की ओर कोई आंख उठाकर नहीं देख सकता है।

मुख्यमंत्री चौहान शनिवार को कटनी में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। यहां स्थानीय निर्मल सत्य गार्डन में सुबह 11.30 बजे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक दिवसीय विस्तारित पदाधिकारी बैठक मुख्यमंत्री चौहान की मौजूदगी शुरू हुई। बैठक में पार्टी के संपन्न हुए कार्यक्रमों और अभियानों की समीक्षा होगी। आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से पार्टी पदाधिकारी चर्चा करेंगे। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा कर रहे हैं। बैठक में पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तरुण चुग, मंत्री भूपेंद्र सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, जयभान सिंह पवैया सहित सभी कोर कमेटी सदस्य एवं वरिष्ठ नेता उपस्थित हैं। पूर्व मंत्री एवं विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक बैठक और व्यवस्था की कमान संभाल रहे हैं।

बैठक शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से कटनी पहुंचे। यहां कलेक्टर अवी प्रसाद, पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार जैन सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने उनकी अगवानी की। बैठक स्थल पर पहुंचने के बाद शिवराज ने मीडिया से बातचीत में राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी 1962 याद कर लो। चीन ने भारत के कितने क्षेत्र पर कब्जा किया था। आज भारत को दुनिया आशा भरी निगाहों से देख रही है। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के समय छोटे-छोटे देश भी भारत को आंख दिखाते थे। आज भारतीय सेना चीन की सेना को पीछे धकेल रही है। 

उन्होंने कहा कि आज भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं। एक वैभवशाली गौरवशाली संपन्न समृद्व और शक्तिशाली भारत का निर्माण उनके नेतृत्व में हो रहा है। हमारे देश की तरफ देखने की हिम्मत चीन ने की थी, तो हमारी सेना ने चीन के सैनिकों की गर्दन तोड़कर चीन की सीमा पर वापस फेंका था। हमारी सेना का अपमान न करें, केवल बातें न करें। अब भारत की तरफ कोई आंख उठाकर नहीं देख सकता। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कह दिया है और कह नहीं रहे, हम कर रहे हैं, 'हम किसी को छेड़ेंगे नहीं लेकिन किसी ने हमें छेड़ा तो उसे हम छोड़ेंगे नही।' एयर स्ट्राइक, सर्जिकल स्ट्राइक सारी दुनिया देख रही हैं। राहुल को पहले 1962 देखना चाहिए, उसके बाद बात करना चाहिए।

गौरतलब है कि भारत जोड़ो यात्रा के 100 दिन पूरे होने पर शुक्रवार को जयपुर में राहुल गांधी ने चीन के मसले पर विदेश मंत्री को नसीहत दी थी। उन्होंने कहा था कि विदेश मंत्री जयशंकर को अपनी सोच और समझ बड़ी करनी चाहिए। चीन की तैयारी युद्ध की है। सरकार इस मसले को नजरअंदाज कर रही है और इससे संबंधित जानकारियों को छुपाने की कोशिश कर रही है। चीन युद्ध की तैयारी कर रहा, सरकार सोई हुई है। उन्होंने कहा था कि हिन्दुस्तान की सरकार रणनीतिक रूप से काम नहीं करती, इवेंट बेस काम करती है। जहां जिओ पॉलिटिक्स की बात आती है, वहां इवेंट काम नहीं आते, वहां ताकत काम आती है। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि चीन पर कोई सवाल नहीं पूछ रहा है। चीन ने दो हजार स्क्वायर किलोमीटर जमीन पर कब्जा कर लिया। हिंदुस्तान के 20 जवानों को शहीद किया। वे हमारे जवानों को अरुणाचल प्रदेश में पीट रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसी बयान को लेकर राहुल गांधी पर पलटवार किया है।

 
RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload

Advertisement









Advertisement