किचन में कई मसाले होते हैं जो खाने का स्वाद बढ़ाने के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद होते हैं, और उनमें से एक है लौंग। आयुर्वेद में लौंग को एक जड़ी बूटी की तरह इस्तेमाल किया जाता है, जिसमें कई पोषक तत्व होते हैं। खासतौर पर लौंग का पानी पीने से सेहत को कई लाभ मिलते हैं।
लौंग का पानी पाचन तंत्र के लिए बहुत लाभकारी होता है। यह पाचन क्रिया को सुधारने में मदद करता है और एसिडिटी, गैस तथा अपच जैसी समस्याओं को कम करता है। लौंग में ऐसे गुण होते हैं जो पाचन एंजाइमों को सक्रिय करके भोजन को बेहतर तरीके से तोड़ने और अवशोषित करने में सहायता करते हैं।
दांतों के दर्द में भी लौंग का पानी फायदेमंद होता है। इसमें पाए जाने वाले यूजेनॉल और फ्लेवोनोइड्स जैसे एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीसेप्टिक गुण दांतों के दर्द, मसूड़ों की सूजन और पायरिया से राहत दिलाने में सहायक होते हैं।
इसके अलावा, लौंग का पानी इम्यूनिटी को मजबूत करने में भी मदद करता है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सिडेंट शरीर में फ्री रेडिकल्स से लड़ते हैं और संक्रमणों से बचाव करते हैं। नियमित सेवन से बीमारियों से जल्दी ठीक होने में मदद मिलती है।
लौंग का पानी पीने का सबसे सही समय सुबह खाली पेट माना जाता है। इसे रात में भिगोकर सुबह गुनगुना करके छानकर पीने से पाचन तंत्र बेहतर होता है और कई स्वास्थ्य समस्याओं से राहत मिलती है। आप इसे सोने से पहले भी पी सकते हैं। इसके अलावा, लौंग को चबाकर खाना भी फायदेमंद होता है। शहद के साथ मिलाकर विशेष रूप से सर्दी-जुकाम में इसका उपयोग लाभकारी होता है। लौंग को चाय में डालकर पीना भी स्वास्थ्य के लिए अच्छा रहता है।
(डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी केवल सामान्य ज्ञान के लिए है। सेहत संबंधी किसी भी प्रकार के उपाय करने या डाइट में बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह लेना आवश्यक है।)