कंबोडिया और मलेशिया की यात्रा पर विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा | The Voice TV

Quote :

तुम खुद अपने भाग्य के निर्माता हो - स्वामी विवेकानंद

National

कंबोडिया और मलेशिया की यात्रा पर विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा

Date : 05-Jul-2025

नई दिल्ली, 5 जुलाई। विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा 7-8 जुलाई को कंबोडिया और 10-11 जुलाई को मलेशिया की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। यह जानकारी विदेश मंत्रालय ने शनिवार को एक आधिकारिक बयान में दी।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि कंबोडिया और भारत के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंध हैं। दोनों देशों के बीच विकास सहयोग भी जनता-केन्द्रित रहा है। मंत्री की यह यात्रा आपसी संबंधों को और प्रगाढ़ करने के उद्देश्य से की जा रही है। अपनी यात्रा के दौरान पबित्रा मार्गेरिटा कंबोडिया के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करेंगे और आईटीईसी/आईसीसीआर पूर्व छात्र तथा भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी बातचीत करेंगे।

वह भारत द्वारा कंबोडिया के विश्व धरोहर स्थलों पर किए जा रहे संरक्षण और पुनर्स्थापन कार्यों की समीक्षा भी करेंगे। ये स्थल भारत-कंबोडिया की साझा सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं।

इसके बाद मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा 10-11 जुलाई को मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर का दौरा करेंगे। वह वर्तमान आसियान अध्यक्ष मलेशिया के निमंत्रण पर आसियान-भारत, ईस्ट एशिया समिट (ईएएस) और आसियान क्षेत्रीय फोरम (एआरएफ) जैसी महत्वपूर्ण बैठकों में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

भारत और आसियान के बीच सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंध हैं। आसियान भारत की ‘एक्ट ईस्ट नीति’ और ‘इंडो-पैसिफिक विजन’ का आधार है। मंत्री की यह यात्रा भारत की आसियान केन्द्रीयता, एकता और ‘आसियान आउटलुक ऑन इंडो-पैसिफिक’ (एओआईपी) को समर्थन के प्रति प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित करेगी।

इसके अलावा, पबित्रा मार्गेरिटा आसियान संबंधित बैठकों के इतर अन्य देशों के विदेश मंत्रियों से द्विपक्षीय वार्ताएं भी करेंगे।

 
RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload










Advertisement