पश्चिम बंगाल के सुंदरबन में मिली भेड़िया प्रजाति की 'पिराटुला मकड़ी' | The Voice TV

Quote :

सपनों को हकीकत में बदलने से पहले, सपनों को देखना ज़रूरी है – डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम

National

पश्चिम बंगाल के सुंदरबन में मिली भेड़िया प्रजाति की 'पिराटुला मकड़ी'

Date : 25-Jul-2025

कोलकाता, 25 जुलाई। जूलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया के वैज्ञानिकों ने पश्चिम बंगाल के सुंदरबन क्षेत्र स्थित सागर द्वीप पर भेड़िया मकड़ी की एक नई प्रजाति की पहचान की है। इस नई प्रजाति का नाम 'पिराटुला अक्यूमिनाटा' रखा गया है, जो 'पिराटुला' नामक वंश की है। यह पहला अवसर है जब भारत में इस वंश की किसी भी प्रजाति की आधिकारिक उपस्थिति दर्ज की गई है।

वैज्ञानिकों के अनुसार यह मकड़ी लगभग 8-10 मिलीमीटर लंबी होती है और इसका रंग हल्का क्रीम जैसा होता है। इसके शरीर पर भूरे और चाक-सफेद रंग के धब्बे होते हैं तथा पिछले हिस्से में हल्के भूरे रंग की दो धारियां भी पाई जाती हैं। इसके जननांगों की विशेष बनावट के आधार पर ही इसे एक नई प्रजाति के रूप में मान्यता दी गई है।

अनुसंधान दल के प्रमुख वैज्ञानिक सौविक सेन ने बताया कि यह मकड़ी जमीन पर रहने वाली शिकारी होती है, जो जाले नहीं बुनती, बल्कि घात लगाकर शिकार करती है। उन्होंने बताया कि इस मकड़ी की पहचान के लिए कई सप्ताह तक शारीरिक संरचना का सूक्ष्म परीक्षण किया गया।

इस शोध कार्य में सौविक सेन और सुधिन पीपी के साथ केरल के कोचीन स्थित सैक्रेड हार्ट कॉलेज के प्रदीप एम. संकरणन ने भी भागीदारी निभाई। इस खोज से जुड़ी विस्तृत वैज्ञानिक जानकारी को एक प्रतिष्ठित जीवविज्ञान पत्रिका में प्रकाशित किया गया है।

वैज्ञानिकों के अनुसार सागर द्वीप, जो सुंदरबन के डेल्टा क्षेत्र का सबसे बड़ा द्वीप है, अपने विशिष्ट पारिस्थितिकीय तंत्र के लिए जाना जाता है। गंगा नदी द्वारा लाई गई गाद, दलदली मैदान और खारे पानी की नदियों ने यहां एक समृद्ध जैविक विविधता को जन्म दिया है। इस नई खोज ने एक बार फिर इस क्षेत्र के प्राकृतिक महत्व को रेखांकित किया है।

जूलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया की निदेशक धृति बनर्जी ने कहा, “हर नई प्रजाति की खोज इस बात का प्रमाण है कि यह क्षेत्र कितनी अद्भुत जैव संपदा से भरपूर है। यदि हम इन प्राकृतिक आवासों की रक्षा के लिए तत्पर नहीं हुए, तो बहुत कुछ खोने का जोखिम बना रहेगा।”

 
RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload

Advertisement









Advertisement