छठ पूजा कर लाैटने वाले यात्रियों के लिए 6181 स्पेशल ट्रेनें चलायेगा रेलवे | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

छठ पूजा कर लाैटने वाले यात्रियों के लिए 6181 स्पेशल ट्रेनें चलायेगा रेलवे

Date : 24-Oct-2025

नई दिल्ली, 24 अक्टूबर । भारतीय रेल छठ पूजा के बाद यात्रियों की सुरक्षित और आरामदायक वापसी यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार है। 28 अक्टूबर से नवंबर माह के दौरान यात्रियों की वापसी यात्रा को सुगम बनाने के लिए 6181 स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जिससे लोग अपने कार्यस्थलों पर समय पर लौट सकें।

रेलवे के अनुसार बढ़ती मांग को देखते हुए नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी जोड़े जा रहे हैं। प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया को मौसमरोधी बनाया गया है ताकि यात्रियों को ट्रेनों के प्रस्थान से पहले सुविधाजनक प्रतीक्षा स्थल मिल सके। बिहार के पटना, दानापुर, राजेंद्र नगर टर्मिनल, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गया, समस्तीपुर, बरौनी आदि तथा उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, बलिया और बनारस जैसे कुल 30 स्टेशनों पर ये व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

इसके अतिरिक्त, यात्रियों की सुविधा के लिए ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन, पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम काउंटर और मोबाइल अनरिजर्व्ड टिकटिंग सुविधाओं को भी बढ़ाया गया है।

सुरक्षा और संचालन की सुचारू व्यवस्था के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को पर्याप्त संख्या में तैनात किया गया है। यात्री सहायता बूथ, सूचना काउंटर, कतार प्रबंधन प्रणाली और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम को भी और सशक्त किया गया है। प्रमुख स्टेशनों पर स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और सैनिटेशन सुविधाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।

रेल भवन, ज़ोनल और मंडल स्तर पर समर्पित वार रूम 24x7 कार्यरत हैं ताकि संचालन की वास्तविक समय में निगरानी की जा सके और यात्रियों की किसी भी आवश्यकता पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। रेल मंत्रालय में बनाए गए राष्ट्रीय वार रूम भीड़ पर निगरानी की जा रही है। सभी जोनल मुख्यालयों एवं मंडल कार्यालयों में भी की गई है। सभी प्रमुख स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, जिनके माध्यम से यात्रियों की संख्या और गतिविधियों पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। इन स्टेशनों पर मॉनिटरिंग रूम भी बनाए गये हैं। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव खुद

24 घण्टे मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, गया, सहरसा आदि स्टेशनों पर 24x7 मेडिकल बूथ स्थापित किए गए हैं ताकि किसी भी स्वास्थ्य आपात स्थिति में तत्काल सहायता दी जा सके। राज्य सरकार, अग्निशमन विभाग और एंबुलेंस सेवाओं के साथ समन्वय स्थापित कर आपातकालीन सेवाओं को तत्पर रखा गया है।

रेलवे ने छठ पूजा के शुभ अवसर पर रेलवे स्टेशनों पर छठ गीतों का प्रसारण शुरू किया है। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को त्योहार की शुभ भावना से जोड़ना और उनके सफर को और भी सुहावना बनाना है। छठ पूजा के दौरान रेलवे स्टेशनों पर बजने वाले ये भक्तिपूर्ण गीत श्रद्धालुओं के लिए एक पवित्र माहौल का निर्माण कर रहे हैंl पटना, दानापुर, हाजीपुर, भागलपुर, जमालपुर, सोनपुर, नई दिल्ली, गाज़ियाबाद और आनंद विहार टर्मिनल जैसे प्रमुख स्टेशनों पर इन गीतों से यात्रियों को अपने घर और संस्कृति की सुगंध का अनुभव हो रहा है, जिससे उनके सफर में भक्ति और उल्लास का संचार हो रहा है और छठ पूजा की पवित्रता एवं सांस्कृतिक महक का अनुभव भी रेलवे स्टेशनों पर हो रहा है।

भारतीय रेल यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय और आरामदायक यात्रा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है और इस त्योहारी सीजन में समर्पण और सेवा भाव के साथ राष्ट्र की सेवा में तत्पर है।

उल्लेखनीय है कि भारतीय रेल यात्रियों की त्योहारों की यात्रा को सुगम और आरामदायक बनाने के लिए देशभर में 12,000 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चला रही है। भारी त्योहारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए, प्रमुख स्टेशनों जैसे नई दिल्ली, आनंद विहार टर्मिनल, उधना, पुणे, मुंबई, बेंगलुरु आदि पर सभी यात्री सुविधाओं से युक्त होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। रेलवे कर्मचारी चौबीसों घंटे यात्रियों का मार्गदर्शन करने, व्यवस्था बनाए रखने और सभी को सुरक्षित रूप से अपने घर तक पहुँचाने में जुटे हैं ताकि वे अपने परिजनों के साथ त्योहार मना सकें।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement