नई दिल्ली, 01 मई । केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुजरात में देश की पहली मल्टी-लेन फ्री फ्लो (एमएलएफएफ) बैरियर-रहित टोल प्रणाली शुरू करने की घोषणा की है। यह अत्याधुनिक प्रणाली सूरत-भरूच खंड (राष्ट्रीय राजमार्ग-48) के चोरयासी टोल प्लाजा पर लागू की गई है, जिसके तहत वाहनों को टोल देने के लिए रुकना नहीं पड़ेगा।
मंत्रालय के अनुसार, यह प्रणाली ऑटोमैटिक नंबर प्लेट पहचान और फास्टैग जैसी उन्नत तकनीकों पर आधारित है, जिससे टोल संग्रह पूरी तरह निर्बाध और तेज हो सकेगा। इससे वाहनों की आवाजाही सुगम होगी और टोल प्लाजा पर लगने वाले जाम में कमी आएगी।
नितिन गडकरी ने कहा कि यह पहल देश के टोल तंत्र के डिजिटलीकरण और राष्ट्रीय राजमार्ग अवसंरचना के आधुनिकीकरण की दिशा में बड़ा कदम है। इससे यात्रा समय में कमी आएगी, ईंधन की बचत होगी और वाहनों से होने वाले प्रदूषण में भी कमी आएगी।
गडकरी ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में विश्वस्तरीय और तकनीक-आधारित राजमार्ग अवसंरचना विकसित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिससे यातायात अधिक सुगम और सुरक्षित बनेगा।
