विशेष बातचीत : विपक्ष की जातिवादी और मुस्लिम तुष्टीकरण की सोच के बारे में जनता समझ चुकी है : भूपेन्द्र चौधरी | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

विशेष बातचीत : विपक्ष की जातिवादी और मुस्लिम तुष्टीकरण की सोच के बारे में जनता समझ चुकी है : भूपेन्द्र चौधरी

Date : 25-Oct-2025

लखनऊ, 25 अक्टूबर । भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष चौधरी भूपेन्द्र सिंह ने हिन्दुस्थान समाचार से विशेष बातचीत में संगठन, सरकार और विपक्ष के विभिन्न मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष के नकारात्मक एजेंडे का भारी पड़ना बताया। साथ में यह भी कहा कि काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती। विपक्ष की जातिवादी, परिवारवादी, हिन्दू विरोधी, मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति के बारे में जनता समझ गयी है। भाजपा ने भी समीक्षा कर आगामी चुनावों के लिए रणनीति तैयार की है और बिहार विधान सभा चुनावों में भी भाजपा नीत एनडीए गठबंधन की प्रचंड बहुमत से सरकार बनने जा रही है।

मुस्लिम तुष्टीकरण के सवाल पर भाजपा अध्यक्ष चौधरी ने कहा कि आज की तारीख में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है। मुसलमानाें के वोट बैंक का इस्तेमाल किस प्रकार से करना है, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस इसी एजेंडे पर चल रहे हैं। सनातन और हिंदुओं के विरुद्ध तीखी टिप्पणी करके यह सोचते हैं कि अल्पसंख्यक समाज उन्हें वोट करेगा। लेकिन हमारी केन्द्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं में कोई भेदभाव नहीं है। सर्वाधिक लाभ अल्पसंख्यक समाज को हुआ है। वह चाहे प्रधानमंत्री आवास योजना हो, उज्ज्वला योजना हो, स्वच्छ भारत मिशन से जुड़े विषय हों या कोई भी योजना, सबको बराबर लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी समाज को बांटकर राजनीति करने के एजेंडे पर विश्वास नहीं करती। मैं निश्चित तौर पर प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद करता हूं कि उनके नेतृत्व में 25 करोड लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। 2017 के पहले यह माना जाता था कि देश के विकास में उत्तर प्रदेश सबसे बड़ी बाधा है लेकिन आज महाराष्ट्र के बाद उत्तर प्रदेश सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभर कर सामने आया है। आज उत्तर प्रदेश सबसे अधिक मेडिकल कॉलेज वाला राज्य बन गया है। सबसे अधिक इंजीनियरिंग कॉलेज वाला, सबसे अधिक एक्सप्रेसवे, सबसे अधिक एयरपोर्ट वाला राज्य बन गया है। निश्चित रूप से यह परिवर्तन आया है और इस परिवर्तन को लोगों ने स्वीकार किया है।

चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसी वर्ग विशेष की बात नहीं करती। प्रधानमंत्री मोदी हमेशा देश के 140 करोड लोगों और मुख्यमंत्री योगी यपी की 25 करोड़ जनता को एड्रेस करते हैं। आपने देखा होगा कि सरकार की सभी लाभार्थी योजनाएं समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति के लिए बनाई गयी हैं। किसी भी योजना में जाति, मत, मजहब, संप्रदाय व क्षेत्र का कोई भेदभाव नहीं किया गया है। हम उसी आधार पर आगे बढ़ रहे हैं। विपक्ष का हमेशा से जाति, धर्म, क्षेत्र भाषा के आधार पर बांटने का एजेंडा रहा है। वे समाज को बांटकर राजनीतिक करते हैं। यह कभी भी सामाजिक समरसता, सामाजिक सद्भाव और सबको साथ लेकर चलने की बात नहीं करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के सबको साथ लेकर चलने के संकल्प के साथ हम लोग आगे बढ़ रहे हैं।

पिछले लोकसभा चुनाव में वोट प्रतिशत 50% से अधिक था। यह बात अलग है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में हमारी अपेक्षा के अनुरूप सीटें नहीं आईं लेकिन हम लोगों ने उसकी समीक्षा की है। हम कार्यकर्ता आधारित संगठन हैं। विपक्ष ने नकारात्मक एजेंडा चलकर कुछ सीटें हासिल जरूर कर ली है लेकिन प्रदेश की जनता ने उसके बाद हुए उप चुनाव में विपक्ष को करारा जवाब दे दिया है। मैं निश्चित रूप से कह सकता हूं कि यह षड्यंत्र है, देश को बांटकर राजनीति करने का, देश को कमजोर करने का। उनके इस एजेंडे को जनता समझ चुकी है। काठ की हांडी बार बार नहीं चढ़ेगी। अखिलेश यादव परिवारवादी जातिवादी लोग हैं। उनके एजेंडे में केवल अपना घर, अपना परिवार और अपनी जाति है। इससे आगे यह लोग नहीं बढ़ सकते।

2024 के चुनाव में उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सीटें काम होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हम सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाए, जनता को उसका लाभ मिला लेकिन उसका प्रचार-प्रसार नहीं कर पाए। विपक्ष ने निगेटिव एजेंडा चलाया। वह उसमें सफल रहे। हमारी केंद्र और उत्तर प्रदेश की सरकार के कार्यों के बारे में हमें जितनी मजबूती के साथ जनता के बीच जाना था, उसमें हम कहीं न कहीं असफल हुए। हम लोगों ने उन सारे विषयों पर समीक्षा करके आगे की तैयारी की है। हम पूरी ताकत के साथ 2027 के विधानसभा चुनाव में जाने वाले हैं। इससे पहले बिहार में रहे विधान सभा चुनाव में भी भाजपा की जीत होने जा रही है।

उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी अपना मजबूत विपक्ष किसी राजनीतिक दल को मान रही है। इस सवाल पर चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि वैसे तो समाजवादी पार्टी मौजूदा समय में मुख्य विपक्षी दल है लेकिन बहुजन समाज पार्टी की सक्रियता भी इस बीच देखने को मिली है। बसपा का उत्तर प्रदेश में अपना एक जनाधार भी है। बसपा ने लखनऊ में एक बड़ा कार्यक्रम करके अपनी सक्रियता का संदेश दिया है। इस प्रकार हम कह सकते हैं कि समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी दोनों ही हमारे लिए विपक्षी दल है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी ने बताया कि इस समय पार्टी के दो महत्वपूर्ण अभियान हैं। स्वदेशी विषय पर 25 दिसंबर तक अभियान चलाएंगे। उसमें स्वदेशी विषय को लेकर जन जागरण कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने बार-बार कहा है कि यह अभियान हमारा किसी के विरोध में नहीं है। यह अभियान हमारी चीजों को बढ़ाने के लिए है। ऐसी चीजें जिसमें हमारे देश के लोगों का श्रम लगा है। उसे प्रमोट करने के लिए हम जनसंपर्क कर रहे हैं। समाज के सभी वर्गों में हम जाएंगे। युवाओं के माध्यम से, महिलाओं के माध्यम से हम संपर्क करेंगे।दूसरा अभियान हमारा सरदार पटेल जी की 150वीं जयंती को लेकर चलने जा रहा है। 31 अक्टूबर को रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम सभी जिलों में करके हम इस अभियान की शुरुआत करेंगे। सभी विधानसभा क्षेत्र में 8 से 10 किलोमीटर की पदयात्रा निकाली जाएगी। उसमें विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य सामाजिक संगठनों के साथ पार्टी कार्यकर्ता को भी जोड़ेंगे। यह दो बहुत महत्वपूर्ण कार्यक्रम हैं। इसके माध्यम से हम लगातार लोगों से संपर्क कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम 26 अक्टूबर को है। उस दिन हम लोग सभी बूथों पर बैठक करेंगे। इस बैठक में उपस्थित सभी लोगों को स्वदेशी के लिए शपथ दिलवाएंगे। केंद्र से स्वदेशी को लेकर एक पत्रक आया है। हर बूथ पर काम से कम 100 परिवारों तक यह पत्रक हम पहुंचाएंगे। स्वदेशी को लेकर हम जन जागरण करेंगे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement