रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 1 नवंबर को कुआलालंपुर में 12वें एडीएमएम-प्लस में भाग लेंगे | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 1 नवंबर को कुआलालंपुर में 12वें एडीएमएम-प्लस में भाग लेंगे

Date : 29-Oct-2025

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 1 नवंबर को मलेशिया के कुआलालंपुर में आयोजित 12वीं आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस (एडीएमएम-प्लस) में हिस्सा लेंगे। इस अवसर पर वे ‘एडीएमएम-प्लस के 15 वर्षों पर चिंतन और आगे की राह’ विषय पर मंच को संबोधित करेंगे।

अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान, रक्षा मंत्री अपने समकक्षों और मलेशिया के वरिष्ठ नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। एडीएमएम-प्लस का आयोजन प्रतिवर्ष आसियान और अन्य देशों के बीच रक्षा सहयोग को बढ़ावा देने के लिए किया जाता है।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, एडीएमएम-प्लस के तहत भारत मलेशिया के साथ 2024-2027 चक्र के लिए आतंकवाद निरोध पर विशेषज्ञ कार्य समूह का सह-अध्यक्ष है। इसके अतिरिक्त, मलेशिया की अध्यक्षता में आसियान-भारत रक्षा मंत्रियों की दूसरी अनौपचारिक बैठक 31 अक्टूबर को आयोजित होगी।

इस बैठक में सभी आसियान सदस्य देशों के रक्षा मंत्री भाग लेंगे। इसका उद्देश्य आसियान और भारत के बीच रक्षा एवं सुरक्षा सहयोग को मजबूत करना और भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ को आगे बढ़ाना है। एडीएमएम-प्लस आसियान सदस्य देशों और उनके आठ संवाद साझेदारों के लिए सुरक्षा एवं रक्षा सहयोग को सशक्त करने वाला मंच है।

 


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement