प्रधानमंत्री मोदी आज लखनऊ में करेंगे राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन, संसद खेल महोत्सव से वर्चुअली जुड़ेंगे | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

प्रधानमंत्री मोदी आज लखनऊ में करेंगे राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन, संसद खेल महोत्सव से वर्चुअली जुड़ेंगे

Date : 25-Dec-2025

नई दिल्ली, 25 दिसंबर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आज दो अहम कार्यक्रम हैं। वो सुबह सबसे संसद खेल महोत्सव से वर्चुअली जुड़ेंगे। इसके बाद दोपहर के समय उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन करेंगे। आधिकारिक विज्ञप्ति में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का विस्तार से ब्योरा दिया गया है। भारतीय जनता पार्टी ने इन दोनों कार्यक्रम की सूचना एक्स पर साझा की है।

आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी आज उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगे प्रधानमंत्री लखनऊ में वाजपेयी के जीवन और आदर्शों के मान-सम्मान के लिए लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन करेंगे।

राष्ट्र प्रेरणा स्थल में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 65 फुट ऊंची कांस्य प्रतिमाएं हैं। राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन दोपहर 2ः30 बजे होगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

राष्ट्र प्रेरणा स्थल की परिकल्पना प्रधानमंत्री मोदी की है। स्वतंत्र भारत की महान हस्तियों की विरासत का मान-सम्मान करने के लिए इसे बनवाया गया है। इसे ऐतिहासिक राष्ट्रीय स्मारक और स्थायी राष्ट्रीय महत्व के प्रेरणादायक परिसर के रूप में विकसित किया गया है। लगभग 230 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित और 65 एकड़ के विशाल क्षेत्र में फैला यह परिसर स्थायी राष्ट्रीय संपत्ति के रूप में परिकल्पित है। इसे नेतृत्व मूल्यों, राष्ट्रीय सेवा, सांस्कृतिक चेतना और सार्वजनिक प्रेरणा को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा।

इसमें अत्याधुनिक संग्रहालय भी है। इसे कमल के फूल के आकार में बनाया गया है, जो लगभग 98,000 वर्ग फुट में फैला हुआ है। यह संग्रहालय भारत की राष्ट्रीय यात्रा और इन दूरदर्शी नेताओं के योगदान को उन्नत डिजिटल और इमर्सिव टेक्नोलॉजी के माध्यम से दिखाता है, जो आगंतुकों को एक आकर्षक और शैक्षिक अनुभव प्रदान करता है।

राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन निस्वार्थ नेतृत्व और सुशासन के आदर्शों को संरक्षित करने और बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संसद खेल महोत्सव को सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करेंगे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement