साबरकांठा में लग्जरी बस ने कार को मारी टक्कर, 6 लोगों की मौत, 8 घायल | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

साबरकांठा में लग्जरी बस ने कार को मारी टक्कर, 6 लोगों की मौत, 8 घायल

Date : 29-Apr-2026

 साबरकांठा, 29 अप्रैल । गुजरात के साबरकांठा जिले में बुधवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, हिम्मतनगर के पास जसवंतगढ़ पाटिया के निकट शामलाजी से अहमदाबाद जाने वाले नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार से आ रही एक निजी लग्जरी बस ने आगे चल रही इको कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। हादसे में कार सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शी मूलसिंह मकवाना ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का पिछला और ऊपरी हिस्सा पूरी तरह दब गया। कार में सवार लोग गंभीर रूप से घायल होकर अंदर ही फंस गए थे। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंच गई। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि निजी लग्जरी बस के चालक ने स्टेयरिंग पर नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण बस ने आगे चल रही कार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद हाईवे पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया और वाहनों की आवाजाही काफी देर तक बाधित रही।

हिम्मतनगर के डीवाय एसपी ए. के. पटेल ने बताया, “इको कार को लग्जरी बस ने पीछे से टक्कर मारी, जिसमें 6 लोगों की मौत हुई है। हमने नेशनल हाईवे अथॉरिटी को निर्देश दिया है कि जहां भी अनधिकृत कट हैं, उन्हें तुरंत बंद कराया जाए।”

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतकों के नाम

1. शकरीबेन कमलेशकुमार नायक – सरडोई, ता. मोडासा, जिला अरवल्ली2. कान्ताबेन कानजीभाई निमामा – सरडोई, ता. मोडासा, जिला अरवल्ली3. हेतलबेन महेशभाई नायक – नवा (रणासणा), ता. तलोद, जिला साबरकांठा4. मीनाबेन भीखाभाई भोय – सरडोई, ता. मोडासा, जिला अरवल्ली5. सरलबेन कान्तीलाल भोय – सरडोई, ता. मोडासा, जिला अरवल्ली6. आशिकबेन कपिललाल नायक – मोयद, ता. प्रांतिज

घायलों के नाम

1. नायक अंजुबेन (45 वर्ष)2. भोय नीताबेन (36 वर्ष)3. नायक मीनाक्षीबेन (50 वर्ष)4. पटेल कामिनीबेन (56 वर्ष)5. नायक कंचनबेन (60 वर्ष)6. प्रजापति नीताबेन (55 वर्ष)7. गोस्वामी रेखाबेन (60 वर्ष)8.रावल अनिलकुमार (ड्राइवर, 25 वर्ष)


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement