पश्चिम बंगाल में छिटपुट हिंसा के बीच दोपहर एक बजे तक 61.11 प्रतिशत मतदान | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

पश्चिम बंगाल में छिटपुट हिंसा के बीच दोपहर एक बजे तक 61.11 प्रतिशत मतदान

Date : 29-Apr-2026

 कोलकाता, 29 अप्रैल । पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में मतदान जारी है। बुधवार को दाेपहर एक बजे तक राज्य में कुल 61.11 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। बुधवार को दूसरे चरण के मतदान की शुरुआत हो गई है। चुनाव में तृणमूल कांग्रेस का मुकाबला भाजपा, वामपंथी दलों और कांग्रेस से है। आज जिन सात जिलों की 142 सीटों पर मतदान हो रहा है, उनमें से 2021 में तृणमूल ने 123 सीटें जीती थीं।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, दाेपहर एक बजे तक जिलों में मतदान का प्रतिशत अलग-अलग रहा। हुगली जिले में 64.57 प्रतिशत, हावड़ा में 60.68 प्रतिशत, कोलकाता उत्तर में 60.18 प्रतिशत और कोलकाता दक्षिण में 57.73 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। नदिया जिले में 61.41 प्रतिशत, उत्तर 24 परगना में 59.20 प्रतिशत, पूर्व बर्धमान में 66.80 प्रतिशत तथा दक्षिण 24 परगना में 58.58 प्रतिशत मतदान हुआ है।

राज्य के विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाता सुबह से ही कतारों में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

राज्य के बाली विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत लिलुआ इलाके में बुधवार को मतदान के दौरान उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई जब डॉन बॉस्को लिलुआ सोहनलाल विद्यालय में स्थित एक मतदान केंद्र पर ईवीएम मशीन में तकनीकी खराबी आ गई। ईवीएम में गड़बड़ी के कारण मतदान प्रक्रिया बाधित हो गई, जिससे कतार में खड़े मतदाताओं में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई और भीड़ ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए केंद्रीय सुरक्षा बलों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया गया, जिससे कुछ समय के लिए वहां अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

वहीं, बारासात, हाबरा, कल्याणी और शांतिपुर समेत कई इलाकों में तकनीकी खराबी के कारण मतदान देर से शुरू हुआ, जिससे मतदाताओं को लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ा।

इसी बीच कुछ स्थानों पर तनाव और झड़प की खबरें भी सामने आई हैं। चापड़ा में एक बूथ पर भाजपा एजेंट के साथ मारपीट का आरोप लगाया गया है, वहीं भांगड़ क्षेत्र में रात के समय राजनीतिक दलों के बीच टकराव की घटना के बाद सुबह स्थिति शांत बताई जा रही है।

चुनाव आयोग ने पूरे राज्य में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और बड़ी संख्या में केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है। साथ ही किसी भी शिकायत के लिए टोल-फ्री नंबर भी जारी किया है। जबकि कुछ केंद्रों पर तकनीकी और स्थानीय स्तर की समस्याएं देखी गई, लेकिन कई स्थानाें पर मतदान शांतिपूर्ण चल रहा है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement