राजस्थान में शादी से लौट रहे दोस्तों की कार हाइवे पर ट्रेलर में घुसी, छह की मौत | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

राजस्थान में शादी से लौट रहे दोस्तों की कार हाइवे पर ट्रेलर में घुसी, छह की मौत

Date : 11-Feb-2026

 दौसा, 11 फरवरी । राजस्थान के दौसा जिले में मंगलवार देर रात सड़क हादसे में एक ही गांव के छह युवकों की मौत हो गई। सभी युवक शादी समारोह से लौट रहे थे। हादसा जयपुर-आगरा नेशनल हाइवे पर कैलाई गांव के पास मंगलवार देररात हुआ।

जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर गई और दूसरी ओर से आ रहे ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कार सवार युवक अंदर बुरी तरह फंस गए।

हादसे के बाद कार को क्रेन की मदद से ट्रेलर से अलग किया गया। काफी मशक्कत के बाद युवकों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। सिकंदरा अस्पताल में चार युवकों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो गंभीर रूप से घायल युवकों को दौसा जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां एक युवक ने दम तोड़ दिया। दूसरे युवक की इलाज के दौरान जयपुर के एसएमएस अस्पताल में मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ड्राइवर सीट पर बैठे युवक का शरीर हादसे के बाद आधा बाहर लटक गया था, जिससे टक्कर की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। हादसे में समय सिंह (25) पुत्र राम सिंह योगी, लोकेश (24) पुत्र गोवर्धन योगी, दिलखुश (24) पुत्र बनवारी योगी, मनीष (23) पुत्र हरिमोहन योगी, अंकित (26) पुत्र लालाराम बैरवा और नवीन (23) की मौत हो गई। सभी युवक कालाखो गांव (दौसा) के निवासी थे।

बताया जा रहा है कि हादसे से कुछ घंटे पहले सभी दोस्त आभानेरी गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल हुए थे, जहां उन्होंने साथ बैठकर भोजन किया और एक साथ फोटो भी खिंचवाई थी। वही फोटो अब उनके परिवारों के लिए आखिरी याद बनकर रह गई है। हादसे की सूचना मिलते ही दौसा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया हादसे का कारण ओवरस्पीड बताया जा रहा है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload









Advertisement