होमगार्ड भर्ती परीक्षा: देवरिया जिले के 10 केंद्रों पर 25,344 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

होमगार्ड भर्ती परीक्षा: देवरिया जिले के 10 केंद्रों पर 25,344 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे

Date : 25-Apr-2026

 देवरिया, 25 अप्रैल । उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स भर्ती के लिए लिखित परीक्षा आज से शुरू हो गई है। यह परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल को जिले के 10 केंद्रों पर आयोजित की जा रही है, जिसमें कुल 25,344 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

जिला प्रशासन ने परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 409 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

परीक्षा तीनों दिन दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। प्रत्येक पाली की अवधि 120 मिनट तय की गई है और हर पाली में 4,224 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

परीक्षा संचालन के लिए प्रशासन ने 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 10 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 10 केंद्र व्यवस्थापक, 10 सह केंद्र व्यवस्थापक और 10 बाह्य परीक्षा सहायकों की तैनाती की है। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए 50 प्रतिशत बाह्य कक्ष निरीक्षकों को भी नियुक्त किया गया है। परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों को कक्ष निरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है, जिन्हें पूर्व में प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।

जनपद में बनाए गए प्रमुख परीक्षा केंद्रों में अशोक इंटर कॉलेज डुमरी (रामपुर कारखाना), बाबा राघवदास इंटर कॉलेज, दीनानाथ पांडे राजकीय महिला पीजी कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय पॉलिटेक्निक, जनता इंटर कॉलेज, महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज, लाल करमचंद थापर इंटर कॉलेज, महाराजा अग्रसेन बालिका इंटर कॉलेज और एसएसबी इंटर कॉलेज शामिल हैं।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि परीक्षा पूरी निष्पक्षता और सख्ती के साथ कराई जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की कोई गुंजाइश न रहे।

 


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement