हिमाचल में दो दिन हीट वेव का अलर्ट, 28 से 30 अप्रैल तक बारिश-आंधी से मिलेगी राहत | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

हिमाचल में दो दिन हीट वेव का अलर्ट, 28 से 30 अप्रैल तक बारिश-आंधी से मिलेगी राहत

Date : 25-Apr-2026

 शिमला, 25 अप्रैल । हिमाचल प्रदेश में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है और हालात ऐसे हो गए हैं कि पहाड़ों में भी लोगों को तपिश का सामना करना पड़ रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई इलाकों में तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया। ऊना सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। इसके अलावा भुंतर, सुंदरनगर और धर्मशाला जैसे शहरों में भी अधिकतम तापमान 33 से 36 डिग्री के बीच रहा, जो सामान्य से काफी ज्यादा है। मौसम विभाग ने साफ किया है कि आज 25 अप्रैल और कल 26 अप्रैल को गर्मी और अधिक तीखी रहने के आसार हैं, जिसके चलते दो दिनों के लिए हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है।

गर्मी के इस बढ़ते असर का अंदाजा न्यूनतम तापमान से भी लगाया जा सकता है, जो लगातार बढ़ रहा है। कुकुमसेरी में सबसे कम न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि इसके बाद ताबो में 8.4 डिग्री, कल्पा में 9.4 डिग्री, सराहन में 11.4 डिग्री, मनाली में 13.3 डिग्री, सेओबाग में 13.5 डिग्री और भरमौर में 14 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। इसके अलावा भुंतर में 15 डिग्री, सोलन में 16.5 डिग्री, सुंदरनगर में 17.6 डिग्री, ऊना और धर्मशाला में 18.2 डिग्री, मंडी में 18.3 डिग्री, नाहन में 18.8 डिग्री, शिमला और पालमपुर में 19 डिग्री, कांगड़ा में 20.3 डिग्री, बिलासपुर में 20.5 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 21 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 22 डिग्री और पांवटा साहिब में 25 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। शिमला और मनाली जैसे हिल स्टेशनों में भी रातें सामान्य से करीब 6 डिग्री ज्यादा गर्म रिकॉर्ड की गई हैं, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 25 अप्रैल को कुछ स्थानों पर हल्की गतिविधि हो सकती है, लेकिन 26 अप्रैल को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 27 अप्रैल को फिर से कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, 28, 29 और 30 अप्रैल को मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। इन तीन दिनों में कई जगहों पर बारिश, आंधी और बिजली गिरने की आशंका है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। विभाग ने इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अप्रैल के आखिरी दिनों में मौसम बदलेगा और इससे तापमान में गिरावट आएगी। बारिश और आंधी के चलते लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल, आज और कल के लिए जारी हीट वेव अलर्ट के बीच लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement