बिलासपुर : फ्रिज में ब्लास्ट से भड़की आग, बुजुर्ग महिला जिंदा जली, देर रात हादसे से दहला इलाका | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

बिलासपुर : फ्रिज में ब्लास्ट से भड़की आग, बुजुर्ग महिला जिंदा जली, देर रात हादसे से दहला इलाका

Date : 16-Mar-2026

 बिलासपुर, 16 मार्च। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिला में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। घर में रखे फ्रिज में हुए जोरदार ब्लास्ट के बाद मकान में भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर एक बुजुर्ग महिला की जिंदा जलकर मौत हो गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकल आए और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत लिंगियाडीह इलाके में रविवार देर रात एक मकान में अचानक हुए धमाके के बाद आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घर में रखे फ्रिज में ब्लास्ट होने के कारण आग भड़की, जिसने देखते ही देखते पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।

इस हादसे में घर के अंदर मौजूद 57 वर्षीय जया अग्रवाल की जिंदा जलकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घटना के समय महिला घर में अकेली थी, जिसके कारण वह आग से बचकर बाहर नहीं निकल सकीं।

रात में अचानक तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। लोगों ने देखा कि गली के एक मकान से आग की लपटें उठ रही हैं। स्थानीय लोगों ने तत्काल बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने की कोशिश शुरू की और साथ ही पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद जब घर के अंदर तलाशी ली गई तो जया अग्रवाल बुरी तरह झुलसी हालत में मिलीं। तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्चुरी भिजवा दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धमाका फ्रिज में हुआ था, हालांकि पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

स्थानीय पार्षद दिलीप पाटिल के अनुसार जया अग्रवाल लिंगियाडीह स्थित साईं मंदिर के पीछे अपने मुंहबोले भाई के साथ रहती थीं। घटना के समय वह घर में अकेली थीं, जिससे आग लगने के बाद उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया।

बताया जा रहा है कि महिला के मुंहबोले भाई की कुछ दिन पहले ही बीमारी के कारण मौत हो गई थी। उनका इलाज पहले बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में चल रहा था, बाद में परिजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें बेंगलुरु ले गए थे, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। परिवार में अभी शोक का माहौल ही था कि इसी बीच यह दर्दनाक हादसा हो गया।

सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने साेमवार काे बताया कि, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों तथा दमकल कर्मियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। घर की तलाशी के दौरान महिला का शव मिला है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement