अगप छोड़ भाजपा में शामिल हुए भूपेन राय सोमवा | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

अगप छोड़ भाजपा में शामिल हुए भूपेन राय सोमवा

Date : 16-Mar-2026

 गुवाहाटी, 16 मार्च । असम में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज होती जा रही हैं। इसी क्रम में पूर्व विधायक और असम गण परिषद (अगप) के वरिष्ठ नेता भूपेन राय सोमवा ने सोमवार को औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। गुवाहाटी स्थित असम प्रदेश भाजपा मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।

भाजपा में शामिल होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने भूपेन राय सोमवा का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा, नीति और आदर्शों के अनुरूप काम करते हुए वे संगठन को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इस मौके पर असम सरकार के मंत्री जयंत मल्ल बरुवा और सांसद प्रदान बरुवा समेत कई अन्य भाजपा नेता भी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने भूपेन राय के पार्टी में शामिल होने को संगठन के लिए सकारात्मक कदम बताया।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि भूपेन राय सोमवा को अभयापुरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा का उम्मीदवार बनाया जा सकता है। हालांकि पार्टी की ओर से अभी इस बारे में आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

सूत्रों के अनुसार, विधानसभा चुनाव के नजदीक आते ही अन्य दलों के कई नेता भी भाजपा में शामिल होने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के संपर्क में हैं। इससे आने वाले दिनों में असम की राजनीति में और हलचल बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

उल्लेखनीय है कि असम विधानसभा का चुनाव आगामी 9 अप्रैल को एक ही चरण में होने जा रहा है। चुनाव की तारीख नजदीक आते ही राज्य में सभी राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं और नेताओं के दल-बदल का दौर भी जारी है।

 


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement