मध्य प्रदेश में तेज गर्मी के बीच सक्रिय होगा नया सिस्टम, 18-19 मार्च को कई जिलों में बारिश के आसार | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

मध्य प्रदेश में तेज गर्मी के बीच सक्रिय होगा नया सिस्टम, 18-19 मार्च को कई जिलों में बारिश के आसार

Date : 16-Mar-2026

 भोपाल, 16 मार्च । मध्य प्रदेश में गर्मी का असर तेज होने लगा है। इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन जैसे बड़े शहरों में दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा नजर आ रहा है। प्रदेश में अगले दो दिन यानी 16 और 17 मार्च तक तेज गर्मी का असर बना रहेगा। इसके बाद 18 और 19 मार्च को प्रदेश के कई जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ का हल्का प्रभाव देखने को मिला, जिसके कारण आसमान में बादल छाए रहे और तापमान में करीब 1.7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि यह सिस्टम अब कमजोर पड़ चुका है। अब 17 मार्च की रात से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसका असर मध्य प्रदेश में 18 और 19 मार्च को देखने को मिल सकता है, जिससे कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।

कुछ शहरों में तापमान में गिरावट

रविवार को ग्वालियर में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री, दतिया में 32.4 डिग्री, छिंदवाड़ा में 36 डिग्री, सिवनी में 35.6 डिग्री, मंडला में 37.2 डिग्री और बालाघाट में 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई जगह शाम तक बारिश तो नहीं हुई, लेकिन बादल छाए रहने से तापमान में कमी देखी गई। पिछले तीन दिनों से लू का असर झेल रहे नर्मदापुरम में भी तापमान गिरकर 38.9 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वहीं प्रदेश के बड़े शहरों में भोपाल में 36.4 डिग्री, इंदौर में 35.5 डिग्री, ग्वालियर में 32.6 डिग्री, उज्जैन में 35.5 डिग्री और जबलपुर में 35.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

अप्रैल-मई में पड़ेगी ज्यादा गर्मी

मौसम विभाग का अनुमान है कि इस साल अप्रैल और मई सबसे अधिक गर्म रहने वाले महीने हो सकते हैं। इन महीनों में ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, रीवा, शहडोल और सागर संभाग के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में भी गर्मी का असर अधिक रहने की संभावना है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement