मेदिनीपुर में हाथियों का आतंक : तीन घर तहस नहस, सौ बीघा फसल बर्बाद | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

मेदिनीपुर में हाथियों का आतंक : तीन घर तहस नहस, सौ बीघा फसल बर्बाद

Date : 16-Mar-2026

 मेदिनीपुर, 16 मार्च । पश्चिम मेदिनीपुर के मेदिनीपुर सदर और झाड़ग्राम ब्लॉक में 12 से 15 विशालकाय हाथियों के आतंक से ग्रामीण परेशान हैं। रविवार देर रात से सोमवार भोर तक हाथियों ने बेलिया, जमुनी और शिवपुर जैसे ग्राम के साथ रिहायशी इलाकों में घुसकर तीन घर तोड़ दिए और लगभग सौ बीघा धान, सब्जी और दलहन की फसल पूरी तरह बर्बाद कर दी।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, झाड़ग्राम रेंज और गुड़गुड़ीपाल इलाके के जंगलों से निकलकर हाथी रात के एक बजे करीब गांवों में घुस आए। डुमुरकोटा ग्राम में सत्यजीत महतो के घर को तहस-नहस किया गया, जबकि खड़ीकाशुकी ग्राम में नीलिमा धर के घर की दीवार तोड़कर चार बोरा धान खा लिया गया। इसी तरह लक्ष्मीकांत महतो के घर को भी नुकसान हुआ।

ग्रामीणों ने सोमवार सुबह आठ बजे आक्रोश में बेलिया क्षेत्र की मेदिनीपुर से झाड़ग्राम जाने वाली मुख्य सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे घंटों आवाजाही प्रभावित रही। उनका कहना है कि हाथियों के आतंक से उनका जीवन और खेती दोनों खतरे में हैं।

घटना की सूचना पाते ही वन विभाग और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। वन कर्मियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि नुकसान की भरपाई की जाएगी और हाथियों को जल्द ही सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाएगा। इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क अवरोध हटा लिया।

ग्रामीणों ने वन विभाग से मांगे रखी हैं कि, हाथियों को आबादी वाले क्षेत्र से तुरंत हटाया जाए।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement