पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग सख्त, मांगी पुलिस तबादलों की रिपोर्ट | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग सख्त, मांगी पुलिस तबादलों की रिपोर्ट

Date : 16-Mar-2026

 कोलकाता, 16 मार्च । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद चुनाव आयोग राज्य के प्रशासनिक और पुलिस तंत्र पर निगरानी और कड़ी कर रहा है। इसी क्रम में आयोग ने राज्य पुलिस से हाल के पुलिस अधिकारियों के तबादलों की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। बता दें कि चुनाव आयोग ने सोमवार सुबह 11 बजे तक यह रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया था। हालांकि, खबर लिखे जाने तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि राज्य पुलिस ने रिपोर्ट जमा की है या नहीं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय की ओर से राज्य पुलिस को भेजे गए पत्र में मार्च महीने के दौरान हुए सभी पुलिस तबादलों की जानकारी मांगी गई है। आयोग ने निर्देश दिया है कि 28 फरवरी के बाद जिन अधिकारियों का तबादला हुआ है उनकी सूची तथा संबंधित आधिकारिक आदेशों की प्रतियां भी सौंपी जाएं।

इसके साथ ही आयोग ने यह भी पूछा है कि क्या किसी सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी को किसी पद पर नियुक्त किया गया है। चुनाव अवधि के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था की समीक्षा के तहत इन नियुक्तियों का विवरण भी मांगा गया है।

इससे पहले चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के एक दिन बाद अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने पुलिस के अतिरिक्त महानिदेशक (विधि) और राज्य पुलिस के नोडल अधिकारी को पत्र लिखकर तबादलों का पूरा ब्योरा मांगा था।

एक अन्य निर्देश में आयोग ने उन पुलिस अधिकारियों की सूची भी मांगी है जो पिछले चुनावों के दौरान अशांति के समय थानों के प्रभारी थे। इसमें 2021 के विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा तथा 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले, दौरान और बाद की घटनाओं का भी उल्लेख किया गया है। यह सूची सोमवार शाम चार बजे तक देने को कहा गया है।

उल्लेखनीय है कि, चुनाव आयोग ने रविवार को ही राज्य की 294 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों में मतदान की घोषणा की थी। इसके तुरंत बाद आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती और गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा को उनके पदों से हटा दिया। उनकी जगह दुश्मंत नरियाला को मुख्य सचिव तथा संगमित्रा घोष को नया गृह सचिव नियुक्त किया गया है। दोनों अधिकारियों को सोमवार दोपहर तीन बजे तक कार्यभार संभालने का निर्देश दिया गया है।

इसके अलावा कोलकाता के पुलिस आयुक्त सु्प्रतिम सरकार को उनके पद से हटा दिया है। उनकी जगह अजय कुमार नंदा को नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं पियूष पांडे की जगह सिद्धिनाथ गुप्ता को राज्य का कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है। साथ ही अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) विनीत गोयल को हटाकर अजय मुकुंद रनाडे को जिम्मेदारी सौंपी गई है। नटराजन रमेशबाबू को महानिदेशक (कारागार) नियुक्त किया गया है। 


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement