प्रधानमंत्री से मिले मप्र के मुख्यमंत्री, किसान कल्याण वर्ष की गतिविधियों से कराया अवगत | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

प्रधानमंत्री से मिले मप्र के मुख्यमंत्री, किसान कल्याण वर्ष की गतिविधियों से कराया अवगत

Date : 16-Mar-2026

 भोपाल, 16 मार्च । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।

दरअसल, मध्य प्रदेश में साल 2026 किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इस दौरान प्रदेशभर में कृषकों के हित में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोमवार को नई दिल्ली प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री मोदी से सौजन्य भेंट की। इस दाैरान उन्होंने प्रधानमंत्री को प्रदेश में किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों की जानकारी दी। साथ ही राज्य में किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों तथा प्रदेश की प्रगति से अवगत कराया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर उक्त जानकारी साझा करते हुए बताया कि किसान कल्याण वर्ष के तहत कृषि विकास, किसानों की आय वृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रदेश में कई पहलें की जा रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने इन प्रयासों की सराहना करते हुए मार्गदर्शन प्रदान किया।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में किसान, महिला, गरीब और युवा इन चारों वर्गों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत कृषि, पशुपालन, मछली पालन और बागवानी सहित करीब 16 विभागों को जोड़कर समन्वित तरीके से काम किया जा रहा है। किसान कल्याण वर्ष के माध्यम से किसानों को नई योजनाओं और सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने प्रदेश सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए आगे भी इसी दिशा में काम करने का मार्गदर्शन दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से प्रदेश में निवेश, रोजगार और किसान कल्याण के क्षेत्र में सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। नई दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संसद भवन का भ्रमण भी किया और विभिन्न सांसदों से मुलाकात कर मध्य प्रदेश के विकास, केंद्र-राज्य समन्वय और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement