बिलासपुर : लावारिस वाहन से 40 किलो गांजा बरामद, जांच जारी | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

बिलासपुर : लावारिस वाहन से 40 किलो गांजा बरामद, जांच जारी

Date : 16-Mar-2026

 बिलासपुर, 16 मार्च। बिलासपुर में पुलिस ने आज साेमवार काे मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लावारिस वाहन से करीब 40 किलो गांजा बरामद किया है। गाड़ी के नीचे बनाए गए गुप्त चैंबर में गांजा छिपाकर रखा गया था। मेला ग्राउंड में दो दिनों से खड़ी संदिग्ध गाड़ी से दुर्गंध आने पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद यह खुलासा हुआ।

बिलासपुर पुलिस से मिली जानकारी अनुसार, बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक लावारिस वाहन से आज बड़ी मात्रा में गांजा बरामद किया है। ग्राम भरनी के मेला ग्राउंड में पेंडारी मोड़ के पास खड़ी एक टाटा एसी वाहन (क्रमांक सीजी 29 ए 3487) से करीब 40 किलो गांजा जब्त किया गया है। बरामद मादक पदार्थ की कीमत करीब 25 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार वाहन पिछले दो दिनों से मेला ग्राउंड में संदिग्ध स्थिति में खड़ी थी। स्थानीय लोगों को गाड़ी से तेज दुर्गंध आने लगी, जिसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही सकरी पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन की जांच शुरू की। तलाशी के दौरान गाड़ी से गांजा जैसी गंध आने पर पुलिस ने बारीकी से जांच की। जांच में पता चला कि वाहन के नीचे विशेष रूप से एक गुप्त चैंबर बनाया गया था, जिसमें गांजा छिपाकर रखा गया था।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चैंबर से करीब 40 किलो गांजा बरामद कर लिया और वाहन को भी जब्त कर लिया। मामले में अज्ञात तस्करों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है।

सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि पुलिस अब वाहन के मालिक की जानकारी जुटाने में लगी है। गाड़ी के पंजीयन और अन्य दस्तावेजों के आधार पर मालिक तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि वाहन मालिक से पूछताछ के बाद गांजा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए एंड-टू-एंड कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस तस्करों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement