एमपी में गर्मी के बीच मौसम लेगा करवट, चार दिन तक आंधी-बारिश के आसार, कई जिलों में अलर्ट जारी | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

एमपी में गर्मी के बीच मौसम लेगा करवट, चार दिन तक आंधी-बारिश के आसार, कई जिलों में अलर्ट जारी

Date : 18-Mar-2026

 भोपाल, 18 मार्च । मध्य प्रदेश में बुधवार से मौसम अचानक करवट लेने जा रहा है। प्रदेश में एक मजबूत वेदर सिस्टम सक्रिय होने के कारण अगले चार दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं। इस दौरान कहीं तेज आंधी चलेगी, तो कहीं बारिश के साथ गरज-चमक और बादल छाए रहेंगे।

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय हुए वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) का असर अब मध्य प्रदेश में भी दिखाई देगा। इसके चलते 19 से 21 मार्च के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। प्रदेश के पश्चिम-उत्तर हिस्से में पांच साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय हैं, जबकि दक्षिण-पूर्व क्षेत्र में भी एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस का प्रभाव बना हुआ है। इसके कारण ग्वालियर-चंबल अंचल में मंगलवार को बादल छाए रहे और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अब ग्वालियर सहित 13 जिलों में बुधवार के लिए अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 21 मार्च तक भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

तापमान की बात करें तो खरगोन सबसे गर्म रहा, जहां पारा 38.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। खजुराहो में 38.4, नरसिंहपुर में 38, रायसेन में 37.6, मंडला में 37.5, नर्मदापुरम में 37.2 और खंडवा में 37.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। बड़े शहरों में जबलपुर सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 36.1 डिग्री दर्ज हुआ। इसके अलावा भोपाल में 35.2, इंदौर में 34.9 और उज्जैन व ग्वालियर में 35.5 डिग्री तापमान रहा।

मार्च के पहले पखवाड़े में जहां तेज गर्मी का असर दिखा, वहीं अब मौसम में बदलाव शुरू हो गया है। मौसम विभाग का कहना है कि इस महीने पहली बार इतना मजबूत सिस्टम सक्रिय हुआ है, जिसका असर चार से पांच दिनों तक पूरे प्रदेश में देखने को मिलेगा। हालांकि, इस सिस्टम के गुजरने के बाद 22 मार्च से एक बार फिर गर्मी तेज हो जाएगी। अनुमान है कि मार्च के अंतिम सप्ताह में तापमान तेजी से बढ़ेगा। भोपाल, इंदौर और उज्जैन में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार जा सकता है, जबकि रात का तापमान 14 से 20 डिग्री के बीच रहेगा।

पिछले 10 वर्षों के ट्रेंड के अनुसार, मार्च में दिन गर्म और रातें अपेक्षाकृत ठंडी रहती हैं, साथ ही बीच-बीच में बारिश भी होती है। इस बार भी मौसम इसी पैटर्न पर चल रहा है। वहीं अप्रैल और मई में प्रदेश में 15 से 20 दिनों तक लू चलने की संभावना जताई गई है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement