मध्य प्रदेश में बदला मौसम, कई जिलों में हुई बारिश, ओले भी गिरे, 34 जिलों में अलर्ट जारी | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

मध्य प्रदेश में बदला मौसम, कई जिलों में हुई बारिश, ओले भी गिरे, 34 जिलों में अलर्ट जारी

Date : 20-Mar-2026

 भोपाल, 20 मार्च । मध्य प्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ सिस्टम के सक्रिय होने से मौसम लगातार करवट ले रहा है। पिछले दो दिनों से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि का असर देखने को मिल रहा है। गुरुवार को 15 से अधिक जिलों में मौसम अचानक बदला, कहीं तेज बारिश हुई तो कहीं ओले गिरे।

मौसम विभाग के मुताबिक, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ प्रदेश के मध्य हिस्से में सक्रिय हैं। अगले 24 घंटों में सिवनी, मंडला, बालाघाट, दतिया, निवाड़ी और टीकमगढ़ में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इसके अलावा अन्य 28 जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने, तेज हवा और बारिश का अनुमान है। भोपाल में बादल छाए रहने की संभावना बनी हुई है।

कई जिलों में तेज आंधी और बारिश

गुरुवार रात कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का दौर चला। कुछ जगहों पर ओले गिरने से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है, वहीं तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। राजधानी भोपाल में देर रात करीब 1 बजे और फिर शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े 5 बजे तेज बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने ग्वालियर, जबलपुर सहित कुल 34 जिलों में ओले, बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है।

वहीं, धार जिले में रात करीब 10:35 बजे तेज गरज और बिजली चमकने के साथ बारिश शुरू हुई। बेमौसम बारिश से खेतों में तैयार खड़ी गेहूं की फसल को नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आगर मालवा में शाम 8 बजे के बाद धूल भरी आंधी चली, जिसके बाद करीब 45 मिनट तक बारिश हुई। दमोह के तेंदूखेड़ा क्षेत्र में आधे घंटे तक तेज बारिश हुई, आंधी के कारण बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। मऊगंज में शुक्रवार सुबह हल्की बारिश और गरज-चमक से किसानों की चिंता बढ़ गई। शुजालपुर में तेज हवा के साथ दो बार बारिश हुई।

22 मार्च से फिर बदलेगा मौसम

मौसम विभाग का कहना है कि 22 मार्च से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा, जो उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। हालांकि यह सिस्टम वर्तमान जितना मजबूत नहीं होगा। इसके गुजरने के बाद प्रदेश में फिर से गर्मी तेज होने की संभावना है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement