राष्ट्रपति मुर्मु ने नीम करौरी बाबा आश्रम पहुंचकर माथा टेका | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

राष्ट्रपति मुर्मु ने नीम करौरी बाबा आश्रम पहुंचकर माथा टेका

Date : 20-Mar-2026

 मथुरा, 20 मार्च । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को वृंदावन में बाबा नीम करौरी आश्रम पहुंची और बाबा की समाधि पर माथा टेका। राष्ट्रपति ने यहां हनुमानजी की आराधना की। इस दौरान राष्ट्रपति में गंभीर और भक्ति व अध्यात्म के रंग में सराबोर दिखीं।

संत प्रेमानंद महाराज से एकांत में वार्ता के बाद राष्ट्रपति का काफिला रेडिशन होटल से आश्रम के देवी मंदिर मार्ग से पहुंचा तो वहां पहले से मौजूद राधाकृष्ण पाठक, देवेन्द्र कुमार शर्मा और ग्रुप कैप्टन (से.नि.) संदीप भटेले ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद राष्ट्रपति और राज्यपाल आनंदी बेन पटेल सीधे हनुमान मंदिर पहुंचीं। यहां मुख्य पुजारी रामरूप और टीसी शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई। राष्ट्रपति ने न केवल विधि-विधान से आरती की बल्कि मंदिर की परिक्रमा कर देश की सुख-समृद्धि की कामना की। हनुमान मंदिर में दर्शन के पश्चात राष्ट्रपति बाबा नीम करौरी की समाधि स्थल पहुंचीं। यहां का वातावरण अत्यंत भावुक और भक्तिमय था। समाधि स्थल पर अभिषेक पुजारी और नरेन्द्र मोहन अग्रवाल ने राष्ट्रपति को बाबा की फोटो, पटुका और बाबा का प्रिय ‘कंबल’ आशीर्वाद स्वरूप भेंट किया। राष्ट्रपति ने यहां भी परिक्रमा कर अपनी गहरी आस्था प्रकट की।

दर्शन के उपरांत राष्ट्रपति ने महाराजजी की उस पावन कुटिया के दर्शन किए, जहां बाबा नीम करौरी प्रवास करते थे। इसके बाद उन्होंने आश्रम स्थित संग्रहालय का भी भ्रमण किया। डॉ. अनुराग पाठक ने उन्हें आश्रम के गौरवशाली इतिहास और बाबा के जीवन से जुड़ी स्मृतियों का विस्तृत विवरण दिया। राष्ट्रपति ने प्रत्येक वस्तु का बारीकी से अवलोकन किया और प्रस्थान से पूर्व श्रद्धापूर्वक दान पेटिका में लिफाफा भी समर्पित किया। इस अवसर पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री (गन्ना विकास एवं चीनी मिलें) लक्ष्मी नारायण चौधरी और जनपद के प्रभारी मंत्री (स्वतंत्र प्रभार, बेसिक शिक्षा) संदीप सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे। इस दाैरान पुलिस ने सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किये थे।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement