राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज ईद-उल-फितर के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं।
अपने संदेश में राष्ट्रपति ने कहा कि यह त्योहार आत्मसंयम, दान और जरूरतमंदों के प्रति करुणा का संदेश देता है। यह प्रेम, भाईचारा, शांति और आपसी सद्भाव का संदेश भी देता है। उन्होंने कहा कि ईद का त्योहार हमें याद दिलाता है कि हमें सभी व्यक्तियों के कल्याण के लिए प्रयास करना चाहिए। राष्ट्रपति मुर्मू ने आगे कहा कि इस अवसर पर, आइए हम जरूरतमंदों की मदद करने, समाज में एकता और सद्भाव को बढ़ावा देने और राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने का संकल्प लें।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कामना व्यक्त की कि यह शुभ अवसर आशा, सद्भाव और करुणा को प्रेरित करे और सभी के लिए खुशी और सफलता लाए।
अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह त्योहार भाईचारे और सद्भावना को और मजबूत करे। मोदी ने इस शुभ अवसर पर सभी को सुख, अच्छे स्वास्थ्य और समृद्धि की शुभकामनाएं दीं।
