नैनीताल में वाहन खाई में गिरा,दो पर्यटकों की मौत,दो घायल | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

नैनीताल में वाहन खाई में गिरा,दो पर्यटकों की मौत,दो घायल

Date : 21-Mar-2026

 नैनीताल, 21 मार्च। उत्तराखंड के जनपद नैनीताल के तल्लीताल थाना क्षेत्र अंतर्गत गेठिया-खूपी के पास ज्योलीकोट-भवाली मार्ग पर शनिवार सुबह एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में उत्तर प्रदेश के दो पर्यटकों की मौके पर ही मृत्यु हो गई,जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

डायल 112 के माध्यम से सूचना मिलने पर तल्लीताल पुलिस, एसडीआरएफ तथा अग्निशमन सेवा की टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर संयुक्त रूप से खोज एवं बचाव अभियान चलाया। पुलिस के अनुसार वाहन संख्या यूपी—78 एचजे-4936 मुख्य मार्ग से लगभग 100 से 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में चार लोग सवार थे, जो उत्तर प्रदेश के उन्नाव जनपद के पीतांबर नगर से कैंची धाम और जागेश्वर धाम के दर्शन के लिए जा रहे थे।

रेस्क्यू टीम ने रस्सियों के सहारे घायलों को खाई से बाहर निकाला। दुर्घटना में 26 वर्षीय अभिराज पुत्र अशोक कुमार और 25 वर्षीय अंकित चौधरी पुत्र धर्मेंद्र कुमार की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं 26 वर्षीय अतुल दुबे और 30 वर्षीय श्याम गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से डॉ.सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय हल्द्वानी में उपचार हेतु भर्ती कराया गया है। मृतकों के शवों का पंचायतनामा कर उन्हें बीडी पांडे जिला चिकित्सालय नैनीताल की मोर्चरी में रखवाया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर पर्वतीय मार्गों पर तीव्र मोड़,संकीर्ण सड़क,तेज गति और चालक की थकान को इस प्रकार की घटनाओं के संभावित कारण माना जा रहा है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement