बस्तर हेरिटेज मैराथन दौड़ काे जनप्रतिनिधियाें ने झंडी दिखाकर किया रवाना | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

बस्तर हेरिटेज मैराथन दौड़ काे जनप्रतिनिधियाें ने झंडी दिखाकर किया रवाना

Date : 22-Mar-2026

 जगदलपुर, 22 मार्च। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में बस्तर हेरिटेज मैराथन 2026 का आयोजन आज रविवार का उत्साह और उमंग के साथ किया गया। इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप और विधायक किरण देव ने झंडी दिखाकर मैराथन दौड़ को रवाना किया। लालबाग मैदान में आयोजित इस मैराथन में शामिल होने देश-विदेश, प्रदेश और संभाग के धावकों ने भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया। धावकों को प्रोत्साहित करने के लिए जुंबा डांस का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में मांझी-चालकी, महापौर संजय पांडेय, ब्रेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास मद्दी सहित कई गणमान्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें कमिश्नर डोमन सिंह, बस्तर आईजी सुंदरराज पी., कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, वन मंडलाधिकारी उत्तम गुप्ता और जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन शामिल थे। इस दौरान मैराथन में अधिक से अधिक प्रतिभागियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक और सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं की गईं। मैराथन मार्ग पर जगह-जगह धावकों के लिए पेयजल, फल, एनर्जी ड्रिंक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी, जिससे प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। स्वास्थ्य टीमों की तैनाती भी की गई थी, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इसके साथ ही मैराथन के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नर्तक दलों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने धावकों और दर्शकों के उत्साह को दोगुना कर दिया। पारंपरिक नृत्य और लोक संस्कृति की झलक ने आयोजन को और भी खास बना दिया। इस सफल आयोजन ने न केवल खेल भावना को बढ़ावा दिया, बल्कि बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी प्रभावी रूप से प्रदर्शित किया।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement