पंचमी पर गड़बड़ा धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, सवा लाख भक्तों ने किए दर्शन | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

पंचमी पर गड़बड़ा धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, सवा लाख भक्तों ने किए दर्शन

Date : 23-Mar-2026

 मीरजापुर, 23 मार्च। चैत्र नवरात्र की पंचमी तिथि पर सोमवार को गड़बड़ा धाम स्थित मां शीतला दरबार में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मां स्कंदमाता के स्वरूप के दर्शन-पूजन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। अनुमानित सवा लाख से अधिक भक्तों ने मां के दरबार में मत्था टेककर मनोकामनाएं मांगीं।

सुबह चार बजे मंगला आरती के बाद मंदिर के कपाट खुलते ही श्रद्धालु दर्शन-पूजन में जुट गए। भक्त पहले सेवटी नदी में स्नान कर पुरुष व महिला अलग-अलग कतारों में लगकर मां के दर्शन के लिए आतुर नजर आए। मां की एक झलक पाते ही श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

दूर-दराज से आए भक्तों ने नारियल, चुनरी, हलवा-पूड़ी, फल-फूल व मिष्ठान अर्पित कर मन्नतें मांगीं। वहीं कुमारी कन्याओं ने जवारी लेकर मां के दरबार में पहुंचकर सेवटी नदी में विसर्जित किया। मान्यता के अनुसार बड़ी संख्या में बच्चों का मुंडन संस्कार भी कराया गया।

मध्य प्रदेश, प्रयागराज, भदोही और सोनभद्र सहित आसपास के क्षेत्रों से भी भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मेले में महिलाओं ने लकड़ी के बने घरेलू सामान, श्रृंगार सामग्री और बच्चों के खिलौनों की खरीदारी की।

मंदिर प्रबंधन की ओर से सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई। सुरक्षा व्यवस्था के तहत थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव, मेला प्रभारी श्याम लाल, महिला पुलिस व पीएसी बल के साथ पूरी मुस्तैदी से डटे रहे।

मंदिर पुजारी मंगलधारी ने बताया कि दिनभर में सवा लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन किया।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement