जम्मू-दिल्ली हाईवे पर नेटवर्क गुणवत्ता में निजी कंपनियां आगे, बीएसएनएल पीछे | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

जम्मू-दिल्ली हाईवे पर नेटवर्क गुणवत्ता में निजी कंपनियां आगे, बीएसएनएल पीछे

Date : 24-Mar-2026

 नई दिल्ली, 24 मार्च । दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने फरवरी 2026 में जम्मू शहर के आसपास और दिल्ली से जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर किए नेटवर्क गुणवत्ता जांच की। इस टेस्ट में कॉल सेटअप सफलता दर 98.83 प्रतिशत से 99.26 प्रतिशत के बीच रही, ड्रॉप कॉल दर 0.60 प्रतिशत से 7.87 प्रतिशत तक दर्ज की गई, जबकि औसत डाउनलोड गति में रिलायंस जियो 295.90 एमबीपीएस के साथ शीर्ष पर रहा।

प्राधिकरण के अनुसार, 02 फरवरी से 05 फरवरी 2026 के बीच यह परीक्षण किया गया। इस दौरान 178.2 किलोमीटर सिटी ड्राइव और 620.5 किलोमीटर राजमार्ग ड्राइव टेस्ट किया गया। इसके अलावा 06 हॉटस्पॉट और 3.5 किलोमीटर वॉक टेस्ट भी किया गया। कुल 101 स्थानों पर विभिन्न परिस्थितियों में नेटवर्क का आकलन किया गया।

रिपोर्ट में 2जी, 3जी, 4जी और 5जी तकनीकों के तहत वॉइस और डेटा सेवाओं की गुणवत्ता का परीक्षण किया गया। वॉइस सेवाओं में कॉल सेटअप सफलता दर, कॉल ड्रॉप दर और वॉइस गुणवत्ता को मापा गया, जबकि डेटा सेवाओं में डाउनलोड-अपलोड गति और लेटेंसी का आकलन किया गया।

कॉल सेटअप सफलता दर में एयरटेल 98.83 प्रतिशत, बीएसएनएल 81.62 प्रतिशत, रिलायंस जियो 99.12 प्रतिशत और वोडाफोन-आइडिया 99.26 प्रतिशत दर्ज किए गए। ड्रॉप कॉल दर में रिलायंस जियो 0.60 प्रतिशत के साथ बेहतर स्थिति में रहा, जबकि एयरटेल 0.74 प्रतिशत, वोडाफोन-आइडिया 1.18 प्रतिशत और बीएसएनएल 7.87 प्रतिशत पर रहा।

डेटा सेवाओं में औसत डाउनलोड गति के मामले में रिलायंस जियो 295.90 एमबीपीएस के साथ शीर्ष पर रहा। एयरटेल 179.53 एमबीपीएस के साथ दूसरे स्थान पर रहा। वोडाफोन-आइडिया और बीएसएनएल की गति क्रमश: 25.34 एमबीपीएस और 11.30 एमबीपीएस दर्ज की गई।

औसत अपलोड गति में रिलायंस जियो 30.50 एमबीपीएस और एयरटेल 30.09 एमबीपीएस के साथ लगभग बराबरी पर रहे। वोडाफोन-आइडिया की गति 16.39 एमबीपीएस और बीएसएनएल की 3.86 एमबीपीएस रही।

लेटेंसी के आंकड़ों में रिलायंस जियो 22.84 मिलीसेकंड के साथ सबसे बेहतर रहा। एयरटेल 27.94 मिलीसेकंड, बीएसएनएल 29.72 मिलीसेकंड और वोडाफोन-आइडिया 43.38 मिलीसेकंड पर रहा।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement