तमिलनाडु चुनाव: द्रमुक-वीसीके में सीट बंटवारा तय, वीसीके को मिलीं 8 सीटें | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

तमिलनाडु चुनाव: द्रमुक-वीसीके में सीट बंटवारा तय, वीसीके को मिलीं 8 सीटें

Date : 24-Mar-2026

 चेन्नई, 24 मार्च। तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनाव के नजदीक आते ही सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) ने अपने गठबंधन में सीटों के बंटवारे का काम लगभग पूरा कर लिया है।

इसी कड़ी में मंगलवार को द्रमुक और विदुथलाई चिरुथैगल काची (वीसीके) के बीच सीटों का बंटवारा अंतिम रूप ले चुका है। मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन की मौजूदगी में इस समझौते पर आधिकारिक हस्ताक्षर किए गए।

समझौते के अनुसार, 2026 के विधानसभा चुनाव में वीसीके को कुल 8 सीटें आवंटित की गई हैं। इनमें 6 आरक्षित सीटें और 2 सामान्य सीटें शामिल हैं। यह फैसला आज द्रमुक अध्यक्ष एम.के. स्टालिन और वीसीके प्रमुख थोल. थिरुमावलवन के बीच हुई बैठक के बाद लिया गया।

इससे पहले 2021 के विधानसभा चुनाव में वीसीके ने द्रमुक गठबंधन के तहत केवल 6 सीटों पर चुनाव लड़ा था। इस बार पार्टी को दो अतिरिक्त सीटें मिली हैं, जिससे उसकी हिस्सेदारी बढ़कर 8 सीटों तक पहुंच गई है।

गठबंधन समझौते के बाद मीडिया से बातचीत में थोल. थिरुमावलवन ने कहा कि वीसीके, वामपंथी और मुस्लिम दलों को आवंटित सीटों की संख्या कम लग सकती है, लेकिन उनका मानना है कि द्रमुक वामपंथी राजनीति की रक्षा कर रही है। उन्होंने कहा कि गठबंधन में एक या दो सीटों को लेकर मतभेद पैदा करना ठीक नहीं होगा, क्योंकि इससे जीत की संभावनाओं को नुकसान पहुंच सकता है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वीसीके एक मान्यता प्राप्त पार्टी है और वह सभी 8 सीटों पर अपने ‘बर्तन’ चुनाव चिह्न पर ही चुनाव लड़ेगी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement