फतेहाबाद, 07 अप्रैल । शहर की मोबाइल मार्किट स्थित एक दुकान में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देने और बाद में दुकान में लगे कैमरे की तरफ देखकर कान पकडक़र माफी मांगने वाले युवक को शहर फतेहाबाद पुलिस ने चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान प्रवीन पुत्र हंसराज के रूप में हुई है। इसके अलावा फतेहाबाद पुलिस ने मंदिर में हुई चोरी के मामले का भी चंद घंटों में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में थाना शहर फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्रा ने बताया कि इस बारे में प्रदीप कुमार ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में प्रदीप ने बताया कि उसकी मोबाइल मार्किट में ट्रेंड्स मोबाइल के नाम से दुकान है। गत दिवस रात को अज्ञात युवक उसकी दुकान में घुस गया और वहां से नकदी व मोबाइल फोन चोरी किए गए थे। इसको लेकर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी सामने आई थी। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक नजर आ रहा है, जो गल्ले में रखी नकदी और मोबाइल चोरी कर ले गया। मोबाइल उसने बैग में भर लिए। इसके बाद जाते टाइम सीसीटीवी की ओर देखकर हाथ जोडक़र माफी मांगी। इसके बाद कानों के हाथ लगाकर और सैल्यूट ठोकने के बाद बाहर चला गया। इस मामले में थाना शहर फतेहाबाद में केस दर्ज किया गया और पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 मोबाइल फोन, 14 हजार रुपये नकद, एक बैग तथा चोरी में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद की है। गिरफ्तार युवक प्रवीण एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ थाना शहर फतेहाबाद में दो व भट्टू थाने में एक केस दर्ज है। दूसरे मामले में पुलिस ने मंदिर में चोरी के आरोप में रोहित पुत्र सोहनलाल को गिरफ्तार किया है। इस बारे में पुलिस ने रूप मालती की शिकायत पर केस दर्ज किया था। महिला ने कहा था कि आरोपी ने हनुमान मंदिर के दान पात्र का ताला तोडक़र लगभग दो हजार रुपये चोरी किए थे। आरोपी रोहित के खिलाफ थाना शहर फतेहाबाद में दो मामले दर्ज है। एसएचओ ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि उनसे अन्य वारदातों के संबंध में भी गहन पूछताछ की जा सके।
