भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खर्गे द्वारा गुजरातियों के बारे में की गई कथित टिप्पणियों की कड़ी निंदा की है। नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, वरिष्ठ भाजपा नेता रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि श्री खर्गे का यह कहना कि गुजराती अशिक्षित हैं, शर्मनाक और बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि चुनाव आते-जाते रहते हैं, लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष ने सारी मर्यादा त्याग दी है। प्रसाद ने कहा कि गुजरात की साक्षरता दर 82 प्रतिशत है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इसमें उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने मांग की कि श्री खर्गे को गुजरात की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
