परगी जाते समय हरीश राव सहित कई बीआरएस नेता गिरफ्तार, विरोध में कार्यकर्ताआं ने लगाया जाम | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

परगी जाते समय हरीश राव सहित कई बीआरएस नेता गिरफ्तार, विरोध में कार्यकर्ताआं ने लगाया जाम

Date : 07-Apr-2026

 हैदराबाद, 07 अप्रैल । भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के उपनेता टी. हरीश राव और पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं काे पुलिसने मंगलवार को विकाराबाद के परगी जाते समय गिरफ्तार कर लिया है। इसके विरोध में बीआरएस कार्यकर्ताओं ने टीएसपीए जंक्शन पर धरना देकर सड़क पर यातायात ठप कर दिया।

अपने तय कार्यक्रम के अनुसार हरीश राव के नेतृत्व में बीआरएस का प्रतिनिधिमंडल परगी मंडल में प्रस्तावित औद्योगिक पार्क परियोजना के लिए 1,200 एकड़ भूमि अधिग्रहण के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों से मिलने के लिए जा रहा था। पुलिस ने नरसिंगी स्थित टीएसपीए जंक्शन पर उनके काफिले को रोक दिया। जिसके बाद बीआरएस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। जिसके चलते मौके पर तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई।

हरीश राव के साथ पूर्व मंत्री पी. सबिता इंद्रा रेड्डी और एर्राबेली दयाकर राव सहित कई नेता मौजूद थे। इसके बाद पुलिस ने वरिष्ठ नेता हरीश राव सहित कई वरिष्ठ नेताओं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने परगी के पूर्व विधायक कोप्पुला महेश रेड्डी को भी हिरासत में लेकर थाने भेज दिया, जबकि पार्टी नेता शुभप्रद पटेल को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।

बीआरएस के प्रतिनिधिमंडल के काफिले में साथ चल रहे बीआरएस कार्यकर्ताओं ने हरीश राव सहित अन्य नेताओं की गिरफ्तारी का विरोध किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस हुई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसके बाद भी पुलिस ने हरीश राव और अन्य नेताओं को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद नेताओं को पास के नरसिंगी थाने की बजाय आउटर रिंग रोडके रास्ते शमशाबाद ले जाया गया।

दरअसल, भूमि अधिग्रहण के खिलाफ पारगी में किसान धरना दे रहे हैं। बीआरएस नेताओं के परगी पहुंचने से पहले ही पुलिस ने सोमवार देर रात प्रदर्शन कर रहे किसानों को भी हिरासत में ले लिया था। सभी किसानों को परगी थाने में रखा गया है।

बीआरएस नेता टी. हरीश राव ने रेवंत रेड्डी सरकार पर राज्य में दलितों, आदिवासियों और कमजोर वर्गों की जमीनों

पर सुनियोजित तरीके से हमला करने का आरोप लगाया। उन्होंने पार्टी नेताओं की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। हरीश राव ने उन किसानों की गिरफ्तारी की भी आलोचना की, जो प्रस्तावित औद्योगिक पार्क के लिए 1,200 एकड़ भूमि अधिग्रहण के विरोध में प्रदर्शन करने वाले थे।

उल्लेखनीय है कि किसानाें की मांग का समर्थन करने पर पुलिस ने बीआरएस नेताओं पर सख्त पाबंदियां लगाई थीं। सुबह में ही हरीश राव, सबिता इंद्रा रेड्डी और रंगारेड्डी जिले के कई नेताओं को नजरबंद (हाउस अरेस्ट) किया गया था।

भारत राष्ट्र समिति के नेता केटी रामाराव ने पार्टी नेताओं को हिरासत में लेने और नजरबंद करने की पुलिसिया कार्रवाई की निंदा की। एक बयान में केटीआर ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी पर जनता से किए वादों से मुकरने और किसानों की जमीनों को निशाना बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार रैतु भरोसा, कृषि ऋण माफी और ‘सिक्स गारंटी’ जैसी प्रमुख घोषणाओं को लागू करने में पूरी तरह विफल रही है। रामाराव ने आरोप लगाया कि सरकार एक ओर वादों को पूरा नहीं कर रही, वहीं दूसरी ओर जबरन भूमि अधिग्रहण को आगे बढ़ा रही है, जिससे किसानों में भारी आक्रोश है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement