नई दिल्ली, 07 अप्रैल । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने 1511 अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने पर सरकार के फैसले का स्वागत किया।
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने मंगलवार को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने 2019 में दिल्ली में नियमित की गई सभी 1511 अनधिकृत कॉलोनियों को विभिन्न जटिल प्रक्रियाओं से मुक्त करते हुए और पुराने आदेश को संशोधित करते हुए अब "जहां है जैसा है" के आधार पर नियमित करने का दिल्लीवालों की ओर से स्वागत किया है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि केन्द्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल एवं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज एक पत्रकार वार्ता में "जहां है जैसे है" आधार पर सभी अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने की घोषणा करते ही, इन कॉलोनियों में रहने वाले 50 लाख से अधिक लोगों की खुशी देखते बन रही है।
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि बनी बसी कॉलोनियों को जटिल नियमितिकरण नियमों के चलते भारी टूट फूट के बिना नियमित करने एवं वहां के मकानों की रजिस्ट्री करने में आ रही कठिनाईयों को समझते हुए प्रधानमंत्री ने "जहां है जैसा है" आधार पर नियमितीकरण की छूट देकर लाखों परिवारों को यादगार तोहफा दिया है।
