‘सिनेमा ऑफ द ईयर (सीटीए) – आईसीए 2025’ के नामांकन घोषित, हिंदी सिनेमा की उत्कृष्ट फिल्मों को मिला मंच | The Voice TV

Quote :

"छोटा सा बदलाव ही जिंदगी की एक बड़ी कामयाबी का हिस्सा होता है"।

National

‘सिनेमा ऑफ द ईयर (सीटीए) – आईसीए 2025’ के नामांकन घोषित, हिंदी सिनेमा की उत्कृष्ट फिल्मों को मिला मंच

Date : 08-Apr-2026

 जयपुर, 08 अप्रैल । जयपुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल और न्यू दिल्ली फिल्म फेस्टिवल की ओर से प्रस्तुत ‘सिनेमा ऑफ द ईयर (सीटीए) – इंडियन सिनेमा अवार्ड्स (आईसीए) 2025’ के लिए हिंदी फिल्मों के आधिकारिक नामांकन घोषित कर दिए गए हैं।

वर्ष 2025 में रिलीज़ हुई फिल्मों में से चुनी गई ये नामांकन सूची भारतीय सिनेमा की रचनात्मकता, विविधता और समकालीन विषयों को सामने लाई है।

आयोजकों के अनुसार, इन पुरस्कारों की शुरुआत हर वर्ष हिंदी फिल्मों में उत्कृष्ट कार्य को पहचान देने और उसे सम्मानित करने के उद्देश्य से की गई है। चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए ज्यूरी में फिल्म इंडस्ट्री के तीन विशेषज्ञों के साथ एक एआई सिस्टम और आयोजन समिति का एक प्रतिनिधि शामिल किया गया है।

इस वर्ष ‘सर्वश्रेष्ठ फिल्म’ श्रेणी में महावीर नरसिम्हा, धुरंधर, हक, हुमन्स इन द लूप, जुगनुमा-द फेबल, द मेहता बॉयज और मेट्रो… इनदिनों जैसी फिल्मों को नामांकित किया गया है। इसके अलावा निर्देशन, अभिनय, लेखन, संगीत, छायांकन, संपादन सहित अन्य तकनीकी श्रेणियों में भी कई प्रमुख कलाकारों और रचनाकारों को स्थान मिला है।

संस्थापक निदेशक हनु रोज ने बताया कि इस वर्ष की नामांकन सूची भारतीय सिनेमा में नए प्रयोगों और विविध विषयों को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि इन पुरस्कारों के माध्यम से उन फिल्मकारों और कलाकारों को मंच दिया जा रहा है, जिन्होंने अपने काम से दर्शकों और समीक्षकों पर गहरी छाप छोड़ी है।

वहीं, प्रवक्ता नितिन शर्मा ने बताया कि यह पहल पूरी तरह लोकतांत्रिक और उच्च मानकों पर आधारित है, जिसमें किसी प्रकार के बाहरी प्रभाव की कोई गुंजाइश नहीं है। चयन प्रक्रिया में केवल कार्य की गुणवत्ता को ही आधार बनाया गया है।

आयोजकों ने यह भी बताया कि विजेताओं की घोषणा शीघ्र की जाएगी।

खास बात यह है कि इन पुरस्कारों के लिए किसी प्रकार का भौतिक या सांस्कृतिक आयोजन नहीं किया जाएगा, बल्कि पूरी प्रक्रिया औपचारिक रूप से घोषित की जाएगी। इसके अगले चरण में दक्षिण भारतीय सिनेमा के लिए अलग से नामांकन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement