उद्घाटन के चार महीने बाद भी सड़क पर नहीं उतरी एनबीएसटीसी स्लीपर वोल्वो बसें | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

उद्घाटन के चार महीने बाद भी सड़क पर नहीं उतरी एनबीएसटीसी स्लीपर वोल्वो बसें

Date : 15-Apr-2026

 कूचबिहार, 15 अप्रैल । इस साल जनवरी में सिलीगुड़ी में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने छह अत्याधुनिक स्लीपर वोल्वो बसों का वर्चुअल उद्घाटन किया था। लेकिन करीब चार महीने बीत जाने के बाद भी ये बसें अब तक सड़कों पर नहीं उतरी हैं। उद्घाटन के बावजूद बसों के संचालन में देरी को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

आरोप है कि उत्तर बंगाल राज्य परिवहन निगम (एनबीएसटीसी) की लापरवाही के कारण करोड़ों रुपये की ये बसें धूल खा रही हैं। लंबी दूरी के यात्रियों को बेहतर और आरामदायक सेवा का इंतजार है, लेकिन फिलहाल उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है।

इस मामले में एनबीएसटीसी के मैनेजिंग डायरेक्टर दीपंकर पिपलाई ने कहा कि स्लीपर वोल्वो बसों का किराया अभी तय नहीं किया गया है। साथ ही बसों के लिए बेडशीट, तकिया और कंबल जैसी सुविधाओं का ऑर्डर दिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही बसों को शुरू किया जाएगा।

इन बसों को कूचबिहार, अलीपुरद्वार और सिलीगुड़ी से कोलकाता रूट पर चलाने की योजना थी, ताकि यात्रियों को आरामदायक और लग्जरी सफर मिल सके। लेकिन प्रति किलोमीटर किराया तय नहीं होने के कारण मामला अटका हुआ है।

यात्रियों का मानना है कि निजी बसों के साथ प्रतिस्पर्धा करते हुए किराया संतुलित रखना निगम के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।

फिलहाल बसें कूचबिहार के सेंट्रल बस टर्मिनल और सिलीगुड़ी में खड़ी है। किराया कब तय होगा और जरूरी सुविधाएं कब पूरी होंगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement