वाहन जांच पर ममता बनर्जी का निशाना, कहा - पीएम और गृह मंत्री की क्यों नहीं हो रही है जांच | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

वाहन जांच पर ममता बनर्जी का निशाना, कहा - पीएम और गृह मंत्री की क्यों नहीं हो रही है जांच

Date : 15-Apr-2026

 कोलकाता, 15 अप्रैल । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है, आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज होता जा रहा है। इस बीच प्रदेश में वाहन जांच को लेकर सियासत तेज हो गई है। प्रदेश की मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने इस मुद्दे पर केंद्र और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उत्तर दिनाजपुर जिले के इस्लामपुर में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि दमदम हवाई अड्डे पर उनकी गाड़ी के पास भी केंद्रीय बल जांच के लिए पहुंचा था।

ममता बनर्जी ने कहा कि आज दमदम हवाई अड्डे पर मेरी गाड़ी के पास भी केंद्रीय बल आया। मैंने खुद कहा कि जांच करो, मैं चाहती हूं कि जांच हो। इसके साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि अगर तृणमूल कांग्रेस के नेताओं की गाड़ियों की जांच हो रही है तो प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की गाड़ियों की जांच क्यों नहीं होती।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि चुनाव के नाम पर एकतरफा कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर तृणमूल के सभी नेताओं की गाड़ियों की जांच होती है, तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं की गाड़ियों की जांच क्यों नहीं होगी? क्या इसी तरह चुनाव कराया जाएगा? उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय नेताओं की गाड़ियों में पैसे आते हैं और केंद्रीय बलों के वाहनों को लेकर भी सवाल खड़े किए।

लाेकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी की गाड़ी की कथित जांच को लेकर शुरू हुए इस विवाद ने राज्य की राजनीति को और गरमा दिया है। तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि एक व्हाट्सऐप संदेश के जरिए अभिषेक बनर्जी और उनकी पत्नी की गाड़ी की जांच के निर्देश दिए गए थे। इस मामले में कानूनी कार्रवाई की भी चेतावनी दी गई है।

चुनाव आयोग और भाजपा पर एक साथ निशाना साधते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि अगर हिम्मत है तो हर दिन मेरी गाड़ी की जांच करो। मुझे कोई आपत्ति नहीं है। मैं भाजपा की तरह चोर या डकैत नहीं हूं, मैं राजनीति करती हूं। उन्होंने यह भी कहा कि वह सरकार से वेतन तक नहीं लेती हैं।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement