रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कल किर्गिस्तान के बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के रक्षा मंत्रियों की बैठक में भाग लेंगे। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में, श्री सिंह ने कहा कि बैठक के दौरान, वे विश्व में व्याप्त सुरक्षा चुनौतियों के बीच वैश्विक शांति के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वे आतंकवाद और चरमपंथ के प्रति शून्य सहिष्णुता के देश के दृढ़ रुख से अवगत कराएंगे। रक्षा मंत्री ने कहा कि वे बिश्केक में अन्य एससीओ सदस्य देशों के समकक्षों और भारतीय समुदाय के साथ द्विपक्षीय वार्ता के लिए उत्सुक हैं। मंत्री आज किर्गिस्तान के लिए रवाना हो गए हैं।
