गुवाहाटी, 30 अप्रैल। असम के सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय द्वारा बड़ी कार्रवाई करते हुए दरंग जिला मुख्यालय मंगलदै स्थित सिंचाई विभाग के एक कार्यकारी अभियंता को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि अभियंता लंबित बिलों के भुगतान के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था।
असम पुलिस मुख्यालय द्वारा दी गयी सूचना के अनुसार, सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय को एक शिकायत मिली थी, जिसमें कार्यकारी अभियंता ताजुल इस्लाम सिद्दीकी पर 30 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया गया था। शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था और उसने कानूनी कार्रवाई के लिए निदेशालय से संपर्क किया।
शिकायत के आधार पर 30 अप्रैल को निदेशालय की टीम ने मंगलदै के शांतिपुर स्थित कार्यकारी अभियंता के कार्यालय में जाल बिछाया। इस दौरान अभियंता को शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। उसके पास से रिश्वत की राशि बरामद कर स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में जब्त कर ली गई।
इस संबंध में एसीबी थाना में 30 अप्रैल को मामला दर्ज किया गया है। यह मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7(ए) के तहत दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद अभियुक्त अभियंता को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
