ट्रैफिक इंस्पेक्टर की तत्परता से बची हादसे में घायल स्कूटी सवार की जान | The Voice TV

Quote :

“स्वयं जैसे हो वैसे ही रहो; बाकी सब तो पहले से ही कोई और बन चुके हैं।” ― ऑस्कर वाइल्ड

National

ट्रैफिक इंस्पेक्टर की तत्परता से बची हादसे में घायल स्कूटी सवार की जान

Date : 04-May-2026

 नई दिल्ली, 04 मई। उत्तरी दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के एक अधिकारी की सूझबूझ और मानवीय पहल से सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक स्कूटी सवार की जान बच गई। हादसा दो मई की रात बुराड़ी फ्लाईओवर पर हुआ, जहां ड्यूटी खत्म कर लौट रहे ट्रैफिक इंस्पेक्टर ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।

ट्रैफिक पुलिस से साेमवार काे मिली जानकारी के अनुसार, उत्तरी रेंज में तैनात ट्रैफिक इंस्पेक्टर यशपाल भाटी शुक्रवार रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच ड्यूटी समाप्त कर लौट रहे थे। इसी दौरान बुराड़ी फ्लाईओवर पर उन्होंने देखा कि एक स्कूटी सवार सड़क डिवाइडर से टकराकर सड़क पर अचेत अवस्था में पड़ा है। उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें थीं तथा हालत बेहद नाजुक थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर यशपाल भाटी ने बिना समय गंवाए अपने चालक सिपाही साहदेव के साथ घायल को सरकारी वाहन में बैठाकर तुरंत सिविल लाइंस स्थित ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घायल की हालत इतनी गंभीर थी कि एंबुलेंस का इंतजार करना जोखिम भरा हो सकता था, इसलिए तत्काल अस्पताल ले जाने का निर्णय लिया गया। साथ ही पुलिसकर्मियों ने घायल के मोबाइल फोन के जरिए उसके परिजनों से भी संपर्क किया और हादसे की सूचना दी। घायल की पहचान पश्चिम विनोद नगर निवासी 40 वर्षीय विनोद चंद्र पुजारी के रूप में हुई है। अस्पताल में भर्ती कराने के बाद डॉक्टरों ने उसका तत्काल उपचार शुरू किया। पुलिस के अनुसार, डॉक्टरों ने बताया कि समय रहते अस्पताल पहुंचाए जाने के कारण घायल की जान बच सकी। वर्तमान में उसकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है। घायल के परिजनों ने ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों की संवेदनशीलता और तत्परता के लिए आभार जताया है।


RELATED POST

Leave a reply
Click to reload image
Click on the image to reload
Advertisement









Advertisement